आगरा में हाईवे पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, दो सवारों ने कूदकर बचाई जान, ट्रैफिक रुका
आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा–कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार से दौड़ती एक कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। कार सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। आशंका है कि कार में आग शॉर्ट सर्किट से लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार राख हो गई। हाईवे पर एक ओर का ट्रैफिक ठप पड़ गया और मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज एक तेज रफ्तार कार में अचानक धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने कार को रोका तभी आग भड़क उठी। आग फैलते देख कार में सवार दोनों लोग तुरंत बाहर कूद गए और किसी तरह दूर जाकर खड़े हो गए। कुछ ही क्षणों में कार पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गई।
धू-धू कर जलती कार से उठते धुएं ने पूरे हाईवे को ढंक लिया। घटना के दौरान राजमार्ग पर एक ओर का यातायात पूरी तरह रुक गया। वाहन चालक अपनी गाड़ियां रोककर घटनास्थल की ओर देखने लगे। वहीं दूसरी लेन से गुजरने वाले वाहनों के सवारों में भी दहशत का माहौल रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जली कार को क्रेन की मदद से हटवाकर मार्ग पर ट्रैफिक सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार में आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।