फिरोजाबाद से श्रीमनःकामेश्वर आ रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पेड़ से टकराई, दो महिलाओं की मौत, पांच घायल
आगरा। फिरोजाबाद से आगरा के प्रसिद्ध श्रीमनःकामेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए निकली श्रद्धालुओं से भरी एक ईको गाड़ी फतेहाबाद क्षेत्र में बड़े हादसे का शिकार हो गई। यह गाड़ी पेड़ से जा टकराई, जिसमें वाहन में कुल सात लोगों में से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नयापुरा के पास हादसा, गाड़ी पेड़ से टकराई
यह दुर्घटना दोपहर करीब 11:30 बजे फतेहाबाद-बाह रोड पर नयापुरा गांव के पास हुई, जब गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन के अगले हिस्से में बैठीं दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में चरण देवी और रामपति शामिल
मृतकों की पहचान चरण देवी पत्नी श्याम सुंदर (उम्र 60 वर्ष) और रम्पति पत्नी अमरचंद (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं फिरोजाबाद के चंदवार गेट क्षेत्र की निवासी थीं। हादसे की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
घायलों में चार महिलाएं, एक बच्ची और चालक शामिल
हादसे में घायल हुए लोगों में सुनीता पत्नी राधा मोहन गुप्ता, मंजू पत्नी राजेश (निवासी आदर्श नगर, फिरोजाबाद), आराध्या पुत्री राजेश, नवमी पत्नी साकेत, और चालक पवन पुत्र महेश (निवासी जैन मंदिर के पास, फिरोजाबाद) शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवा कर सड़क को साफ हटवाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, प्रारंभिक रूप से वाहन की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना मुख्य कारण माना जा रहा है।
श्रद्धालु यात्रा में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जो यात्रा श्रद्धा और आस्था के भाव से शुरू हुई थी, वह हादसे के बाद शोक और मातम में बदल गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर फैल गई है।