आगरा से लौटते परिवार की कार मैनपुरी में डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में ट्रक से जा भिड़ी, पांच की मौत

मैनपुरी/छिबरामऊ। यूपी के मैनपुरी जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कार सवार एक 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। हादसा उस वक्त हुआ जब पूरा परिवार आगरा से भतीजी का जन्मदिन मनाकर अपने गांव लौट रहा था।

Aug 1, 2025 - 17:55
 0
आगरा से लौटते परिवार की कार मैनपुरी में डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में ट्रक से जा भिड़ी, पांच की मौत
मैनपुरी में हादसे का शिकार हुई कार और मौके पर मौजूद पुलिस।

भतीजी का बर्थडे मनाने आगरा आया था छिबरामऊ का परिवार, एक बालिका है गंभीर घायल

गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई, फिर ट्रक ने रौंदा

दुर्घटना दोपहर करीब 1:15 बजे बेवर थाना क्षेत्र के नगला ताल के पास जीटी रोड पर हुई। किशनी थाना क्षेत्र के हीरापुर कैथोली गांव निवासी दीपक चौहान (36) अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से पत्नी पूजा (34), बेटियां आशी (9), आर्या (4), आराध्या (11) और बहन सुजाता (50) के साथ आगरा से छिबरामऊ लौट रहे थे।

नगला ताल के पास तेज रफ्तार में चल रही कार डिवाइडर से टकराकर पलटते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। तभी नवीगंज की ओर से आ रहे एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार सभी लोग गाड़ी में बुरी तरह फंस गए और चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने निकाले शव

हादसे की सूचना पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दीपक चौहान, उनकी पत्नी पूजा (34), बेटियां आशी (नौ वर्ष) व आर्या (चार वर्ष) और बहन सुजाता (50 साल) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय आराध्या को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दीपक चौहान (36 वर्ष)) छिबरामऊ में आढ़ती का काम करते थे। उनके एक भाई आगरा में रहते हैं। भतीजी काव्या चौहान का बर्थडे मनाने के लिए पूरा परिवार छिबरामऊ से आगरा आया था।

आराध्या की आपबीती: हम चाचा की बेटी का बर्थडे मनाने गए थे

अस्पताल में भर्ती मासूम आराध्या ने बताया कि वे लोग आगरा में चाचा की बेटी का बर्थडे मनाकर घर लौट रहे थे। कार में मेरे मम्मी-पापा, बुआ और हम तीन बहनें थीं। अचानक गाड़ी पलटी और फिर कुछ समझ में नहीं आया।

बारिश के पानी ने छीना दृश्य, नहीं दिखा डिवाइडर

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगला ताल के पास बारिश के चलते जीटी रोड पर पानी भर गया था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। इसी वजह से ड्राइवर को डिवाइडर नजर नहीं आया और कार पलट गई।

एसपी बोले: बच्ची की हालत स्थिर, शव पोस्टमार्टम को भेजे गये
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। बच्ची की स्थिति स्थिर है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

SP_Singh AURGURU Editor