आगरा में ताश की महफ़िल बनी मौत का मंजर, निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, दो की मौत, पांच जिंदगी से जूझ रहे
आगरा। आगरा के थाना बाह क्षेत्र अंतर्गत गांव बिजकौली में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। निर्माणाधीन मकान की बेसमेंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त दीवार के पास कुछ लोग अलाव ताप रहे थे, जबकि कुछ ताश खेलने में मशगूल थे। अचानक गिरी दीवार के साथ ईंट, मिट्टी और मलबा सात लोगों पर जा गिरा, जिससे वे दब गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े और बिना समय गंवाए राहत कार्य में जुट गए। करीब 50 से अधिक ग्रामीणों ने फावड़े और हाथों से मलबा हटाना शुरू किया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी सातों घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चार घायलों की हालत गंभीर बताई गई। इनमें से दो को आगरा के लिए रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शेष पांच घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बाह, बटेश्वर चौकी इंचार्ज सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया बेसमेंट निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और कमजोर संरचना को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।