बलवंत विद्यापीठ में सहकारिता शिक्षा पर करियर मीट, 16 छात्र-छात्राओं का कैंपस प्लेसमेंट
आगरा। बलवंत विद्यापीठ रूरल इंस्टीट्यूट, बिचपुरी के ग्रामीण विज्ञान संकाय में शुक्रवार को एक दिवसीय करियर इंटरैक्टिव मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा बी.ए. और एम.ए. के 16 छात्र-छात्राओं का सहज दुग्ध उत्पादक संगठन में कैंपस चयन।
जिस कंपनी ने 16 छात्र-छात्राओं का चयन किया, वह यहां से 50 छात्र-छात्राओं के प्लेसमेंट के लिए पहुंची थी। इंस्टीट्यूट की ओर से संस्थान के छात्र-छात्राओं को इस बारे में सूचित भी कर दिया गया था। इसके बावजूद केवल 16 छात्र-छात्राएं पहुंचे और इन सभी को कंपनी ने चयनित कर लिया। अगर और भी छात्र इस मौके पर पहुंचे होते तो शायद उन्हें भी जॊब मिल जाती।
यह कार्यक्रम ग्रामीण अर्थशास्त्र एवं सहकारिता विभाग, कृषि विपणन विभाग, संस्थान के करियर एवं प्लेसमेंट सेल, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) दिल्ली और सहज दुग्ध उत्पादक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की प्राचार्य प्रो. सीमा भदौरिया, एनडीडीबी के सलाहकार डॉ. ओमवीर सिंह, सहज के एजीएम भास्कर तिवारी और डिप्टी सीईओ डॉ. संदीप अंतिल ने मां सरस्वती और संस्थापक राजा बलवंत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
वक्ताओं ने सहकारिता क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर की चर्चा
मुख्य वक्ता डॉ. ओमवीर सिंह और सहज कंपनी के सीईओ डॉ. संदीप अंतिल ने सहकारिता क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों और रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी व सहकारी संगठन युवाओं को स्वावलंबी बनाने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।
चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्राचार्य प्रो. सीमा भदौरिया ने कहा कि यह संस्थान की प्लेसमेंट नीति और छात्रों की योग्यता का परिणाम है।
इन शिक्षकों की उपस्थिति रही
इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ शिक्षकगण डॉ. पी.के. सिंह, डॉ. आशुतोष भंडारी, डॉ. सुभाष चंद्र, श्री संजय कुमार, डॉ. शिखा गर्ग, श्री नीलेश कुमार और डॉ. भूपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और उत्साह प्रदान किया।