आगरा जामा मस्जिद कमेटी अध्यक्ष और भाई के खिलाफ 50 लाख के गबन का मुकदमा दर्ज

आगरा। आगरा की जामा मस्जिद प्रबंध कमेटी में बड़ा मामला सामने आया है। वादी आजम मलिक, सचिव जामा मस्जिद प्रबंध कमेटी ने अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद और उनके भाई फैसल पर 50 लाख रुपये के गबन के गंभीर और अवैध गतिविधियों के आरोप लगाए हैं। पुलिस आयुक्त के आदेश पर थाना मंटोला में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि दोनों भाइयों ने गैरकानूनी रूप से किरायेदारों से 50 लाख रुपये वसूल किए और वक्फ खाते में जमा नहीं किए।

Sep 24, 2025 - 21:56
 0
आगरा जामा मस्जिद कमेटी अध्यक्ष और भाई के खिलाफ 50 लाख के गबन का मुकदमा दर्ज
जामा मस्जिद प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद और उनके भाई फैसल, जिनके खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज हुआ है।

-मस्जिद प्रबंध कमटी के सचिव ने अवैध रूप से किराया वसूलने, वक्फ संपत्तियां ट्रांसफर कराने में दर्ज कराया केस

दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड द्वारा वक्फ 74-94 (जामा मस्जिद) की प्रबंध समिति गठित की गई थी। समिति में मोहम्मद जाहिद को अध्यक्ष और आजम मलिक को सचिव बनाया गया था। समिति पांच साल की अवधि के लिए बनी और इसमें कुल 11 सदस्य शामिल थे। वक्फ अधिनियम और प्रबंध कमेटी के प्रस्ताव के अनुसार, सचिव को वक्फ संपत्ति का किराया वसूलने, ट्रांसफर और अन्य अधिकार प्राप्त थे।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ समय बाद अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद और उनके भाई फैसल ने गैरकानूनी रूप से किरायेदारों से किराया वसूलना शुरू कर दिया। कुछ वक्फ संपत्तियों का ट्रांसफर भी किया गया। दोनों ने कुल 50 लाख रुपये वसूले, जिन्हें वक्फ खाते में जमा नहीं कराया। फैसल कमेटी का सदस्य नहीं होने के बावजूद सभी मामलों में दखल देता रहा।

रिपोर्ट के अनुसार जामा मस्जिद प्रबंध कमेटी की बैठक में बहुमत से मोहम्मद जाहिद को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया और इस संबंध में वक्फ बोर्ड को भी सूचना दी गई, लेकिन बोर्ड ने कोई कार्रवाई नहीं की। जांच कमेटी के समक्ष जाहिद ने 50 लाख रुपये अपने पास होने की बात स्वीकार की। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि जाहिद ने वक्फ बोर्ड के तत्कालीन मुख्य कार्यपालक अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर एक पत्र सोशल मीडिया पर जारी किया, जिसमें बताया गया कि आजम खां मलिक के सचिव पद के अधिकार सीज कर दिए गए हैं।

अतिरिक्त आरोपों में यह भी शामिल है कि जाहिद ने जामा मस्जिद कार्यालय का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया और सचिव को धमकियां दी जा रही हैं। मस्जिद में 2006 से नमाज पढ़ा रहे पेश इमाम इरफान उल्लाह को नमाज पढ़ने से रोका जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor