सीसीटीवी बना पुलिस का हथियार, सरिया चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे

आगरा। आगरा में थाना एकता पुलिस ने सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से हुई सरिया व नकदी चोरी की घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।

Dec 31, 2025 - 20:39
 0
सीसीटीवी बना पुलिस का हथियार, सरिया चोरी का खुलासा, पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे
पुलिस की गिरफ्त में शातिर चोर।

आगरा। आगरा में थाना एकता पुलिस ने सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से हुई सरिया व नकदी चोरी की घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले थाना एकता क्षेत्र में स्थित एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान से अज्ञात चोरों ने रात के समय छह बंडल सरिया और नकदी चोरी कर ली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दिया कि दो अज्ञात चोर दुकान के बाहर से छह बंडल सरिया रिक्शे में लादकर ले जा रहे हैं। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करते हुए इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

मुखबिर की सूचना पर थाना एकता पुलिस टीम ने जीरो प्वाइंट, ग्राम बुढाना मार्ग मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार बंडल सरिया (करीब 320 किलोग्राम), दो मोबाइल फोन और ₹19,750 नकद बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया है। शेष चोरी गए सरिया के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

थाना एकता पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहना मिल रही है। व्यापारियों ने पुलिस की तत्परता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।