सीडीएस जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल बढाया गया
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल बढ़ा दिया है। अब वह 30 मई 2026 तक सीडीएस की जिम्मेदारी संभालेंगे। जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल इसी महीने यानी 30 सितंबर को समाप्त हो रहा था। वे पिछले तीन वर्षों से इस पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के मुताबिक, जनरल अनिल चौहान के सामने सबसे अहम चुनौती हायर डिफेंस मैनेजमेंट और डिफेंस डील में चल रहे सुधारों को सही दिशा देना है। इसके साथ ही तीनों सेनाओं का एकीकरण भी उनकी बड़ी जिम्मेदारी है, जिसके लिए स्थिर और मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। सीडीएस पद पर उनकी मौजूदगी यह सुनिश्चित करेगी कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सख्त रुख जारी रहे और सैन्य अभियानों में निरंतरता बनी रहे।
जनरल अनिल चौहान को 30 सितंबर 2022 को जनरल बिपिन रावत के बाद देश का दूसरा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया गया था। उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए रिटायरमेंट से वापस बुलाया गया था, क्योंकि नियमों के मुताबिक 62 साल से कम उम्र के रिटायर्ड अधिकारी इस पद के लिए योग्य होते हैं। खास बात यह है कि वह इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले थ्री-स्टार अफसर हैं, जबकि आमतौर पर यह जिम्मेदारी फोर-स्टार अफसर को दी जाती है।