319वें जन्मोत्सव पर महाराजा सूरजमल का गौरवगान: ब्रज के वीरों की उपेक्षा पर जाट महासभा का आक्रोश

आगरा। ब्रजभूमि के अजेय योद्धा महाराजा सूरजमल का 319वां जन्मोत्सव शुक्रवार को किरावली कस्बा स्थित शांति देवी महाविद्यालय में अखिल भारतीय जाट महासभा द्वारा हर्षोल्लास, गौरव और भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर महासभा ने ब्रज क्षेत्र के वीर योद्धाओं की स्मृतियों और प्रतिमाओं की उपेक्षा पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया।

Feb 13, 2026 - 18:49
 0
319वें जन्मोत्सव पर महाराजा सूरजमल का गौरवगान: ब्रज के वीरों की उपेक्षा पर जाट महासभा का आक्रोश
महाराजा सूरजमहल के 319वें जन्मोत्सव समारोह में मौजूद जाट महासभा के जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर और अन्य पदाधिकारी।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा सूरजमल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आयोजन महासभा के जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर की अध्यक्षता तथा महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर के संचालन में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने महाराजा सूरजमल की अदम्य वीरता, दूरदर्शी राजनीति और समाज को साथ लेकर चलने की उनकी नीति को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि महाराजा सूरजमल केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट निर्माता भी थे। उन्होंने लोहागढ़ किला का निर्माण कराया, जिसे अंग्रेजों की भारी तोपें भी भेद नहीं सकीं। 18वीं शताब्दी के कठिन कालखंड में उन्होंने मुगलों और विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध सुदृढ़ दीवार बनकर भारतीय संस्कृति और धर्म की रक्षा की।

महासभा के संरक्षक फौरन सिंह इंडोलिया एवं समाजसेवी भूप सिंह इन्दौलिया ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन वीरों ने अपनी शहादत से ब्रज की रक्षा की, उनके स्मृति-चिह्न आज भी क्षेत्र में अपेक्षित रूप से स्थापित नहीं हैं।

मंडल उपाध्यक्ष डॉ. रुपेश चौधरी, महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर, महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार और जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा ने मांग की कि ब्रज के वीर योद्धाओं की प्रतिमाएं आगरा में स्थापित की जाएं।
युवा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, युवा महानगर अध्यक्ष लखन चौधरी, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष निर्मल चाहर एवं महानगर अध्यक्ष श्रीमती वंदना सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि महाराजा सूरजमल की प्रतिमा आगरा किले के समक्ष सरकार अपने खर्चे पर लगवाए। साथ ही महाराजा जवाहर सिंह, बीर गोकला, राजा महेंद्र प्रताप, राजाराम जाट और राम की चाहर के नाम पर पार्कों और मार्गों का नामकरण किया जाए—अन्यथा महासभा आगरा किले का घेराव करेगी।

विचार व्यक्त करने वालों में चौधरी नवल सिंह, तोरण सिंह चाहर, सतवीर सिंह रावत, भूपेंद्र सिंह इंडोलिया, सन्नो चौधरी, श्री फौजदार, श्रीमती लक्ष्मी देवी, श्रीमती सीमा चौहान, श्री जिग्नेश कहरवार, संजीव चौधरी, राहुल चाहर, रंजीत चौधरी, रोहित चौधरी, गिरीश इन्दोलिया, मनीष इन्दौलिया सहित अनेक गणमान्य शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor