अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का उत्सव: आगरा में शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय पर्व की रही धूम

आगरा। 77वें गणतंत्र दिवस पर आगरा के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना का भव्य संगम देखने को मिला। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट से लेकर श्री बाबूलाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर तक, हर परिसर में तिरंगे की शान, राष्ट्रगान की गूंज और विद्यार्थियों के अनुशासित प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र की आत्मा शिक्षा, संस्कार और सेवा में बसती है।

Jan 28, 2026 - 22:19
 0
अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का उत्सव: आगरा में शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय पर्व की रही धूम
दयालबाग शिक्षण संस्थान में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की एक झलक।

दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन

दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), दयालबाग, आगरा में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य कैंपस में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री गुर सरूप सूद (आईडीएएस सेवानिवृत्त), अध्यक्ष, राधास्वामी सत्संग सभा एवं डीईआई रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ, जिसके उपरांत एनसीसी टुकड़ी और डीईआई के विभिन्न कॉलेजों व स्कूलों के विद्यार्थियों ने सुसंगठित गार्ड ऑफ ऑनर और प्रभावशाली मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की सटीकता, तालमेल और अनुशासन ने संस्थान की मजबूत प्रशिक्षण परंपरा को रेखांकित किया। देशभक्ति गीतों ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया।

मुख्य अतिथि श्री गुर सरूप सूद ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की व्यापकता, उसकी विविधता-संरक्षक प्रकृति और वैश्विक प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान भारतीय सभ्यता की गहरी जड़ों से जुड़ा हुआ है और यह देश की सामूहिक आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने डीईआई की शिक्षा पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल अकादमिक उत्कृष्टता बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और वैश्विक उत्तरदायित्व का भी विकास करती है।

डीईआई के निदेशक प्रो. सी. पटवर्धन ने संस्थान के उस मिशन पर जोर दिया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को देशभक्ति और राष्ट्रीय सेवा के प्रति प्रतिबद्ध जिम्मेदार नागरिक बनाया जाता है। उन्होंने जनरल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसी उभरती तकनीकों में दक्षता प्राप्त करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मार्च-पास्ट प्रतियोगिता में फैकल्टी ऑफ आर्ट्स (बालिका वर्ग) और डीईआई टेक्निकल कॉलेज (बालक वर्ग) ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। डीईआई नर्सरी एवं प्ले सेंटर के बच्चों की सुपरमैन टुकड़ी को विशेष सम्मान दिया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ई-कैस्केड नेटवर्क के माध्यम से देश-विदेश के डीईआई अध्ययन केंद्रों तक किया गया। समापन संस्थान गीत के साथ हुआ।

इस अवसर पर प्रो. संजीव स्वामी (रजिस्ट्रार), श्रीमती स्नेह बिजलानी (कोषाध्यक्ष), प्रो. संगीता कुमार (कार्यक्रम समन्वयक) सहित डीन, प्राचार्य और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर आयोजन को भव्य स्वरूप दिया।

सरस्वती विद्या मंदिर तहसील मार्ग पर गूंजा वंदे मातरम

श्री बाबूलाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की एक झलक।

श्री बाबूलाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर, तहसील मार्ग, आगरा में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रातः 9:30 बजे विद्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती भावना वरदान शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि मनीष कुमार अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती शिवांगी अग्रवाल उपस्थित रहीं।

ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। अध्यक्ष श्रीमती भावना शर्मा ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च लिखित दस्तावेज है, जो शासन व्यवस्था का आधार है।

मुख्य अतिथि मनीष कुमार अग्रवाल ने संविधान के सम्मान और संरक्षण का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि श्रीमती शिवांगी अग्रवाल ने संविधान को नियमों, सिद्धांतों और प्रक्रियाओं का ऐसा समूह बताया, जो सरकार की संरचना और संचालन को दिशा देता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है, जिनका पालन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक झांकियों के साथ मुख्य मार्गों पर पथ संचलन निकाला, जिसमें उन्होंने वीरांगनाओं और महान विभूतियों के रूप में प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष किशोरी लाल लोधा, व्यवस्थापक कृष्णा प्रसाद बंसल, कोषाध्यक्ष आशीष गर्ग उपस्थित रहे। व्यवस्थापक किशन प्रसाद बंसल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor