राम भक्ति की धारा में नारी सम्मान का उत्सव, आगरा में सेवला रोड पर हुआ आयोजन
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भक्ति, सेवा और नारी सम्मान की त्रिवेणी प्रवाहित हुई, जब सियाराम सेवा समिति द्वारा सेवला रोड स्थित अग्रधाम सेवा सदन में नारी शक्ति सम्मान समारोह एवं दिव्य सुंदरकांड पाठ का भावपूर्ण आयोजन किया गया। श्रद्धा, करुणा और सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में 151 जरूरतमंद महिलाओं को सम्मानित कर नारी सम्मान को सेवा के माध्यम से साकार किया गया।
आगरा। भक्ति, करुणा और सामाजिक सेवा की भावधारा के साथ सियाराम सेवा समिति द्वारा मकर संक्रांति के उपलक्ष में सेवला रोड स्थित अग्रधाम सेवा सदन में नारी शक्ति सम्मान समारोह एवं सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। मंगलवार को कार्यक्रम का शुभारंभ रामभक्त कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ की सुमधुर एवं भावविभोर कर देने वाली वाणी में सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ, जिसने संपूर्ण परिसर को राममय कर दिया।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे संस्था के संरक्षक श्री भगवान दास बंसल एवं श्री विष्णु दयाल बंसल ने संपन्न किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही सेवा, संस्कार और समर्पण के इस आयोजन को विधिवत प्रारंभ किया गया।
संस्था के अध्यक्ष जगदीश मित्तल, महामंत्री बृजेश बंसल एवं कोषाध्यक्ष राकेश गोयन ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि सियाराम सेवा समिति द्वारा लगातार तीसरे वर्ष मकर संक्रांति के पावन पर्व पर 151 असहाय एवं जरूरतमंद महिलाओं को दैनिक उपयोग का मासिक राशन, बर्तन एवं कंबल भेंट किए गए। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान केवल भाषणों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सेवा, सहयोग और संवेदना के माध्यम से उसे धरातल पर उतारना आवश्यक है।
कार्यक्रम के समन्वयक राजेश बंसल, संदीप मित्तल एवं अंकित बंसल ने बताया कि सुंदरकांड पाठ के उपरांत प्रसादी वितरण किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक शांति, संतोष और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।
इस सेवा एवं सम्मान समारोह के संयोजक राज रेखा अग्रवाल, राजीव निधि मंगल, मंजू रिचा मित्तल एवं रोहित नूपुर बंसल रहे। कार्यक्रम में सपना बंसल, जूली बंसल, सोनाली बंसल सहित अनेक महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनकी सहभागिता से आयोजन और अधिक गरिमामय बन गया।