जीएसटी काउंसिल से चैंबर की मांग, स्टोन इनले, डीजल इंजन व पंपसेट पर टैक्स घटाएं

आगरा। आगामी जीएसटी काउंसिल की बैठक को लेकर नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, आगरा ने एक बड़ा कदम उठाया है। चैंबर के अध्यक्ष संजय गोयल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत जीएसटी काउंसिल फिटमेंट कमेटी के 40 सदस्यों को पत्र भेजकर आगरा के प्रमुख उद्योगों पर जीएसटी दरों को घटाने की मांग की है।

Aug 19, 2025 - 23:05
 0
जीएसटी काउंसिल से चैंबर की मांग, स्टोन इनले, डीजल इंजन व पंपसेट पर टैक्स घटाएं

पत्र में कहा गया है कि आगरा के विश्वप्रसिद्ध स्टोन इनले वर्क (पत्थर जड़ाई कला) पर वर्तमान में 12 प्रतिशत जीएसटी लागू है, जिसे घटाकर पांच प्रतिशत किया जाना चाहिए। उच्च जीएसटी दरों से इस परंपरागत कला की लागत बढ़ती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा प्रभावित होती है।

इसी प्रकार, आगरा में निर्मित डीजल इंजन और पंपसेट पर फिलहाल 18 प्रतिशत जीएसटी लगाया जा रहा है। संजय गोयल के अनुसार, इतनी अधिक दर से किसानों पर सीधा वित्तीय भार पड़ रहा है, क्योंकि इससे इनकी कीमतें काफी बढ़ जाती हैं। किसानों को सस्ती दर पर उपकरण उपलब्ध कराने और कृषि लागत कम करने के लिए इन पर जीएसटी पांच प्रतिशत किया जाना जरूरी है।

चैंबर ने तर्क दिया कि यदि दरों में कमी होती है, तो इससे न केवल किसानों को राहत मिलेगी बल्कि स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उद्योग जगत का मानना है कि जीएसटी दरें घटने से आगरा के उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।

नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस पर सकारात्मक निर्णय लेगी और व्यापारियों व किसानों को राहत प्रदान करेगी।

SP_Singh AURGURU Editor