दीपोत्सव पर सुरक्षा के लिहाज से बाजारों में सजगता बरतें, चैंबर ने पुलिस आयुक्त को भेजा पत्र
आगरा। दीपोत्सव पर्व के दौरान शहर के बाजारों में संभावित भीड़ और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स ने पुलिस प्रशासन को सजगता बरतने का आग्रह किया है।
चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने पुलिस आयुक्त आगरा को भेजे गए पत्र में कहा कि दीपोत्सव जैसे बड़े पर्वों पर किनारी बाजार, रावतपाड़ा, जीवनी मंडी, बेलनगंज जैसे प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़भाड़ रहती है, जिससे चोरी, पॉकेटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में ग्राहकों और व्यापारियों दोनों के बीच भय का वातावरण बन जाता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि त्योहारों के समय विशेष पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जाम से राहत के लिए भी उठाई आवाज़
चैम्बर ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि दीपोत्सव के दौरान बाजारों के आसपास जाम की भीषण स्थिति बन जाती है। खरीददारों को कई-कई घंटों तक फँसे रहने से न केवल असुविधा होती है बल्कि व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
चैम्बर ने मांग की कि किनारी बाजार, रावतपाड़ा, जीवनी मंडी, बेलनगंज जैसे मुख्य व्यावसायिक स्थलों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके और शहरवासी बिना परेशानी के दीपोत्सव की खरीदारी कर सकें।
पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले सदस्य
मांग पत्र में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार सिंघल, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, शलभ शर्मा, सदस्य मनोज बंसल और मनोज कुमार गुप्ता के नाम शामिल हैं।