जयकारों से गूंजा मां चामुण्डा देवी मंदिरः मेले में उमड़ी आस्था, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

आगरा। राजामंडी स्टेशन स्थित मां चामुण्डा देवी मंदिर में आयोजित वार्षिक मेले ने इस बार भक्ति, परंपरा और श्रद्धा का ऐसा अद्भुत संगम प्रस्तुत किया, जहां सुबह से लेकर देर रात तक आस्था का जनसैलाब उमड़ता रहा। कन्या पूजन, संत सेवा और भव्य भंडारे के साथ सम्पन्न हुए इस आयोजन में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Apr 3, 2026 - 17:37
 0
जयकारों से गूंजा मां चामुण्डा देवी मंदिरः मेले में उमड़ी आस्था, हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
मां चामुण्डा देवी मंदिर के वार्षिक मेले के समापन पर प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालुजन।

मंदिर परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विधि-विधान से मां चामुण्डा के पूजन के साथ हुई। इसके बाद देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। मंदिर के महंत वीरेन्द्र ब्रह्मचारी ने स्वयं कन्याओं के चरण पूजकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई और उपहार भेंट किए। इसके उपरांत संतों को भोजन कराकर भंडारे का शुभारंभ किया गया।

दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ भंडारा देर रात तक निरंतर चलता रहा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में पूरे दिन लगी रहीं। सबसे पहले श्रद्धालुओं ने मां चामुण्डा के दर्शन किए और फिर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर जय माता दी के उद्घोष से गूंजता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

इस भव्य आयोजन में समाज के अनेक गणमान्य लोग और समिति के पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से शेरू पहलवान, मुकुट चौधरी, विवेक पहलवान, हरिकेश पहलवान, अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भगोर, कार्यक्रम संयोजक राहुल, सह अध्यक्ष कमल अग्रवाल, राज, राकेश वर्मा, नीरज जैन, अजय बंसल आदि ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का आयोजन पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया, जिसमें क्षेत्रीय जनता का अपार सहयोग और उत्साह देखने को मिला।

SP_Singh AURGURU Editor