आगरा में मौसम का बदला मिजाज: ठंडी हवाओं से राहत, तापमान में गिरावट
आगरा। आज सुबह से आगरा में ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया है। पिछले कुछ दिनों की भीषण गर्मी के बाद यह बदलाव लोगों को राहत प्रदान कर रहा है। मॊर्निंग वॊक के लिए निकले लोगों को मौसम के इस बदलाव ने सुखद अहसास कराया।
तापमान में गिरावट
आज सुबह आगरा का न्यूनतम तापमान लगभग 24°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से कुछ कम है। दिन में अधिकतम तापमान 37°C तक पहुंचने की संभावना है। पिछले दिनों तापमान 42°C से अधिक था। दिन में लू चलने लगी थीं, जिससे लोग बेचैन हो उठे थे। मौसम में बदलाव के कारण तापमान की यह गिरावट लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिला रही है।
ये है मौसम में बदलाव का कारण
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव आया है। इससे बादल, बारिश और ठंडी हवाएं आती हैं, जिससे तापमान में गिरावट होती है। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट हो सकती है।
आगामी पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मौसम के स्थिर रहने की संभावना जताई है। हालांकि, 13 अप्रैल तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इस मौसम परिवर्तन से किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि तापमान में गिरावट से फसलों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।