शाहजहांपुर में अंतरधार्मिक विवाह के बाद वलीमा पर बवाल, हिंदू संगठनों के विरोध से कार्यक्रम रुका
- राजीव शर्मा-शाहजहांपुर। जनपद में अंतरधार्मिक विवाह के बाद आयोजित वलीमा कार्यक्रम को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। अलग-अलग धर्म के युवक-युवती द्वारा दिल्ली में कोर्ट मैरिज किए जाने के बाद यहां युवक के परिजनों की ओर से आयोजित किए जा रहे वलीमा को हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद रुकवा दिया गया। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यक्रम को निरस्त कराया गया।
हिंदू संगठन के नेता राजेश अवस्थी ने बताया कि रविवार रात को कोतवाली क्षेत्र के जिया खेल मोहल्ला निवासी अदनान के परिजन वेलकम मैरिज लॉन में वलीमा कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे। सूचना मिली थी कि अदनान ने एक हिंदू युवती से विवाह किया है। जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मैरिज लॉन पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए वलीमा का विरोध शुरू कर दिया।
राजेश अवस्थी के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और वलीमा कार्यक्रम को रुकवा दिया गया। इसके बाद हिंदू संगठन के नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शाहजहांपुर की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से है, लेकिन कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ज्ञापन में अदनान के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की मांग भी की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने सोमवार को बताया कि अदनान अंसारी (29) दिल्ली में बीडीएस चिकित्सक है। उसने 12 सितंबर को दिल्ली निवासी नीलम (35) से दिल्ली न्यायालय में विवाह किया था। इसी विवाह के बाद रविवार रात वलीमा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां परिजनों ने बताया कि उन्होंने वलीमा कार्यक्रम स्वयं ही निरस्त कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अदनान के परिजनों द्वारा वलीमा के लिए निमंत्रण पत्र भी छपवाए गए थे, जिनमें युवती का नाम नीलम अंसारी अंकित था। नीलम दिल्ली में एमबीए करने के बाद एक बड़ी मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व थाना सदर बाजार क्षेत्र के शाहाबाज नगर स्थित एक मैरिज लॉन में 16 वर्षीय नाबालिग हिंदू लड़की का मुस्लिम युवक से निकाह कराए जाने का मामला सामने आया था। सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों ने निकाह रुकवाया था और पुलिस को बुलाया गया था। उस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दूल्हे और उसकी मां को जेल भेज दिया था।