शाही जामा मस्जिद में घमासान: हटाए गए इमाम के बेटे का कमेटी अध्यक्ष पर धमकी का आरोप, रिपोर्ट दर्ज

आगरा की ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद में धार्मिक प्रशासन को लेकर चल रहा तनाव अब खुली टकराहट में बदल गया है। पूर्व इमाम इरफानउल्लाह खां निजामी के बेटे अहमद रज़ा खां ने इंतजामिया कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद और उनके सहयोगियों पर उनके पिता का सामान फेंकने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटनाक्रम से मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है और अब यह मामला पुलिस तक पहुंच गया है।

Oct 11, 2025 - 11:51
 0
शाही जामा मस्जिद में घमासान: हटाए गए इमाम के बेटे का कमेटी अध्यक्ष पर धमकी का आरोप, रिपोर्ट दर्ज

आगरा। ताजनगरी की शाही जामा मस्जिद में विवादों की लहर थमने का नाम नहीं ले रही। दो महीने पहले इमाम पद से हटाए गए इरफानउल्लाह खां निजामी और मस्जिद इंतजामिया कमेटी के बीच चला आ रहा मतभेद अब कानूनी मुकाम पर पहुंच गया है।

दो महीने पहले हटाए गए थे इमाम

मस्जिद कमेटी ने लगभग दो माह पूर्व इरफानउल्लाह खां को इमाम पद से हटाकर नए इमाम की नियुक्ति की थी। बताया जाता है कि यह निर्णय कुछ धार्मिक मतभेदों और प्रबंधन संबंधी मुद्दों के चलते लिया गया था। तब से ही दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था।

9 अक्टूबर की घटना ने बढ़ाई गर्मी

इरफानउल्लाह खां के बेटे अहमद रज़ा खां निजामी ने बताया कि उनके पिता का निजी सामान मस्जिद परिसर के एक कमरे में रखा था। 9 अक्टूबर को कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद के इशारे पर शबाब, अमन और वकील नामक लोगों ने जबरन उस कमरे में घुसकर सारा सामान बाहर फेंक दिया।

अहमद रज़ा के अनुसार, जब मुझे इसकी खबर मिली और मैं मौके पर पहुंचा, तो मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। हमारे परिवार में अब डर और असुरक्षा का माहौल है।

कमेटी की चुप्पी, पुलिस की सक्रियता

इंतजामिया कमेटी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। वहीं, मंटोला थाना पुलिस ने अहमद रज़ा की तहरीर पर कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद जाहिद समेत चार व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस बोली — जांच निष्पक्ष होगी

एसीपी छत्ता पीयूषकांत राय ने बताया कि आरोपों की पुष्टि के लिए दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। मस्जिद परिसर से सबूत एकत्र किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून अपने हिसाब से चलेगा, किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि धार्मिक स्थल का मामला होने के कारण इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।

SP_Singh AURGURU Editor