बिहार में सत्ता की बिसात बिछने लगी: शाह आवास पर टॉप ब्रेनस्टॉर्मिंग, दो डिप्टी सीएम बीजेपी से!

बिहार में नई सरकार के गठन से पहले सियासी चालें तेज हो गई हैं। केंद्र की राजनीति के दिग्गज खिलाड़ियों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और जदयू नेता एवं केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह की आज हुई बैठक से यह साफ हो रहा है कि सत्ता का खाका खींचा जाने लगा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने जा रही सरकार में दो उपमुख्यमंत्री भाजपा से होंगे, जबकि जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए उनके समुदाय भी लगभग तय माने जा रहे हैं।

Nov 15, 2025 - 21:51
 0
बिहार में सत्ता की बिसात बिछने लगी: शाह आवास पर टॉप ब्रेनस्टॉर्मिंग, दो डिप्टी सीएम बीजेपी से!

नई दिल्ली। दिल्ली के शक्त‍ि केंद्र कहे जाने वाले गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर शनिवार को हुई एक अहम राजनीतिक बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और जदयू की ओर से केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह शामिल हुए। यह बैठक बिहार मंत्रिमंडल गठन की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।
इससे पहले शाह से जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने मुलाकात की थी। लगभग 20 मिनट चली इस मुलाकात को राजनीतिक हलकों में बिहार की आगामी सत्ता संरचना को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाने पर सहमति बन चुकी है। दोनों उपमुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से होंगे। इसमें एक नाम राजपूत समुदाय से और दूसरा पिछड़े वर्ग (ओबीसी) से चुना जा सकता है। यह भाजपा की सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

इन बैठकों को देखते हुए यह साफ है कि बीजेपी बिहार की सियासत में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है।
इस सियासी घटनाक्रम से यह भी स्पष्ट है कि हाल के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद बिहार की शासन व्यवस्था में गठबंधन के नए आयाम तैयार हो रहे हैं।

नीतीश कुमार का फिर से मुख्यमंत्री बनना तय है, लेकिन दो डिप्टी सीएम के जरिए भाजपा सत्ता की चाबियां अपने हाथ में रखने की रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है, जैसा कि पिछली सरकारों में भी रहा है। नीतीश की नई टीम में गठबंधन के तेवर, टेम्परामेंट और तादाद, तीनों को साधना बेहद अहम होगा।

SP_Singh AURGURU Editor