आगरा में गूंजेगी छत्रपति शिवाजी की शौर्यगाथा: ‘जाणता राजा’ महानाट्य का भव्य मंचन कल से

आगरा 4 से 9 अक्टूबर तक भारतीय इतिहास और संस्कृति के सबसे विराट मंचन का साक्षी बनने जा रहा है। कलाकृति कल्चर एण्ड कन्वेंशन सेंटर ग्राउण्ड पर छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित विश्वविख्यात महानाट्य ‘जाणता राजा’ का मंचन शनिवार से शुरू होगा। इस आयोजन का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद करेंगे। यह न केवल एक सांस्कृतिक पर्व है, बल्कि दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा संकल्प को समर्पित एक सामाजिक-सांस्कृतिक प्रयास भी है।

Oct 3, 2025 - 19:28
 0
आगरा में गूंजेगी छत्रपति शिवाजी की शौर्यगाथा: ‘जाणता राजा’ महानाट्य का भव्य मंचन कल से
कलाकृति कन्वेंशन सेंटर में प्रेस वार्ता के दौरान ‘जाणता राजा’ महा नाट्य की तैयारियों की अंतिम रूपरेखा साझा करते दिव्य प्रेम सेवा मिशन और आयोजन समिति के पदाधिकारी।

आगरा। ऐतिहासिक नगरी ताजमहल के साए में इस बार शिवाजी महाराज की वीरगाथा गूंजेगी। 4 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2025 तक ताज नगरी में विश्वविख्यात महानाट्य ‘जाणता राजा’ का मंचन किया जाएगा। कलाकृति कल्चर एण्ड कन्वेंशन सेंटर ग्राउण्ड पर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन समिति ने नाटक की रूपरेखा साझा की और कलाकारों का अभ्यास सत्र भी प्रस्तुत किया। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम भैयाजी ने कहा कि शिवाजी महाराज का शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति अद्वितीय है। उनकी गाथा पाठ्य पुस्तकों के कुछ पन्नों तक सीमित कर दी गई है, जबकि नाटक ‘जाणता राजा’ उनके पूरे जीवन की झलक प्रस्तुत करता है।

दिव्य प्रेम सेवा मिशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय चतुर्वेदी ने बताया कि इस आयोजन का शुभारंभ 4 अक्टूबर को पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद करेंगे, जबकि उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि यह नाटक दो उद्देश्यों को साधता है- युवा पीढ़ी को शिवाजी महाराज से प्रेरणा दिलाना और समाज को सेवा की धारा से जोड़ना।

दिव्य प्रेम सेवा मिशन पिछले 29 वर्षों से हरिद्वार में कुष्ठ रोगियों, अनाथों और निराश्रितों की नि:स्वार्थ सेवा कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलम्बन के लिए कई प्रकल्प नि:शुल्क चलाए जा रहे हैं। डॉ. गौतम ने कहा कि हम चाहते हैं कि शिवाजी महाराज की प्रेरणा से अधिक लोग हमारे सेवा परिवार से जुड़ें।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सीए संजीव महेश्वरी ने बताया कि मंच 2 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में चार मंजिला ऊँचाई पर तैयार किया गया है। इसमें ढाई सौ कलाकारों के साथ हाथी, घोड़े, ऊँट, बैलगाड़ियां, पालकी और 20 फीट ऊँची मां तुलजा भवानी की प्रतिमा का प्रत्यक्ष उपयोग होगा। अत्याधुनिक ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था और आतिशबाजी इसे और भव्य बनाएगी।

अब तक ‘जाणता राजा’ का मंचन भारत और इंग्लैंड सहित विश्वभर में 1200 से अधिक बार हो चुका है, जिसे 70 लाख दर्शक देख चुके हैं। आगरा में इस बार 70 हजार से अधिक दर्शकों के आने की संभावना है। स्वागत समिति के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि आगरा और आसपास के 30 जिलों में प्रचार किया गया है। शहर को छह हिस्सों में बांटकर दर्शकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

नाटक के लेखक पद्म विभूषण से सम्मानित बलवंत मोरेश्वर पुरंदरे (बाबा पुरंदरे) रहे हैं, जिन्होंने शिवाजी महाराज की गाथा को विश्व स्तर तक पहुँचाने का प्रयास किया। इस टोली ने अमेरिका और ब्रिटेन तक में नाटक का मंचन कर इतिहास रचा।

प्रेस वार्ता में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय चतुर्वेदी, आयोजन समिति के अध्यक्ष सीए संजीव महेश्वरी, स्वागत समिति के महामंत्री अभिनव मौर्य, सहसंयोजक राघवेंद्र सिंह और समिति के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor