चैम्बर के स्थापना दिवस में मुख्य अतिथि होंगे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, टीटीजेड और गेल गैस के मुद्दों पर उच्च स्तर पर चर्चा का भरोसा

आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चैम्बर के आगामी स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया, जिसे मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्वीकार करते हुए अपनी सुविधानुसार तिथि पर समारोह में उपस्थित रहने का आश्वासन दिया।

Jun 2, 2026 - 17:36
 0
चैम्बर के स्थापना दिवस में मुख्य अतिथि होंगे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, टीटीजेड और गेल गैस के मुद्दों पर उच्च स्तर पर चर्चा का भरोसा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आगरा आगमन पर चैंबर के स्थापना दिवस समारोह के लिए आमंत्रित करते चैंबर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल और अन्य पदाधिकारी।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने बताया कि चैम्बर का स्थापना दिवस समारोह जुलाई 2026 में आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को आगरा के उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों से भी अवगत कराया। विशेष रूप से ताज संरक्षित क्षेत्र (टीटीजेड) में उद्योगों पर लागू प्रतिबंधों के कारण व्यापार और उद्योग जगत को हो रही कठिनाइयों का विषय प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने ताज संरक्षित क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और उसके कारण आगरा के उद्योग एवं व्यापार पर पड़ रहे प्रभाव को गंभीरता से सुना। उन्होंने चैम्बर प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह टीटीजेड के कारण आगरा के उद्योगों की वर्तमान स्थिति के संबंध में उच्च स्तर पर वार्ता करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने गेल गैस से संबंधित समस्याओं को भी विस्तार से रखा। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने उद्यमियों और व्यापारियों को हो रही परेशानियों की जानकारी देते हुए इस विषय पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पूरे विषय को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि वह शीघ्र ही भारत सरकार के पैट्रोलियम मंत्री से चैम्बर प्रतिनिधिमंडल की भेंट कराएंगे, जिससे गेल गैस से संबंधित समस्याओं के संबंध में व्यापारियों और उद्यमियों का पक्ष सीधे मंत्री स्तर तक पहुंच सके।

चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि आगरा के लिए यह गर्व का विषय है कि शहर का एक बेटा देश के मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन है। उन्होंने बताया कि ज्ञानेश कुमार ने चैम्बर पदाधिकारियों को आश्वस्त किया है कि व्यापार और उद्योग से जुड़े विषयों पर संवाद के लिए उनके द्वार सदैव खुले रहेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल एवं अंबा प्रसाद गर्ग, पूर्व अध्यक्ष के.के. पालीवाल तथा सदस्य केशव दत्त गुप्ता शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor