बच्चों ने जाना मेट्रो का विज्ञान और सीखी स्मार्ट यात्रा की कला, आगरा मेट्रो पहुंची मिल्टन स्कूल

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन शहरवासियों को मेट्रो की सुविधाओं और लाभों से जोड़ने के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को आगरा मेट्रो की एक टीम मिल्टन पब्लिक स्कूल पहुंची, जहां स्कूली बच्चों के लिए एक रोचक और जानकारीपूर्ण जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।

Jul 24, 2025 - 17:08
 0
बच्चों ने जाना मेट्रो का विज्ञान और सीखी स्मार्ट यात्रा की कला, आगरा मेट्रो पहुंची मिल्टन स्कूल
मिल्टन पब्लिक स्कूल में बच्चों को मेट्रो के बारे में बताते यूपीएमआरसी के अधिकारी।

बच्चों ने जाना मेट्रो कैसे है पर्यावरण की साथी

मेट्रो टीम ने बच्चों को बताया कि आगरा मेट्रो एक ईको-फ्रेंडली और ग्रीन इनीशिएटिव है। यह कार्बन उत्सर्जन रहित मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है, जो शहर की बढ़ती ट्रैफिक समस्या का हल होने के साथ-साथ पर्यावरण को संरक्षित करने में भी मददगार है। मेट्रो ट्रेनें न केवल ऊर्जा कुशल हैं, बल्कि ध्वनि और वायु प्रदूषण भी बहुत कम करती हैं।

जाम, धूल और परेशानी से मुक्तिः मेट्रो है समाधान

अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बताया कि मेट्रो सेवा कैसे शहरवासियों को ट्रैफिक जाम, धूल, धुएं और लंबे सफर की थकान से निजात दिला सकती है। मेट्रो में यात्रा करना न केवल सुरक्षित और सुगम है, बल्कि समय की बचत और सुविधा का भी प्रतीक है।

दिव्यांगों की सुविधा का रखा गया पूरा ख्याल

मेट्रो की पहुंच सभी के लिए सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो स्टेशन और ट्रेनों में रैंप, एस्कलेटर, लिफ्ट, टैक्टाइल पाथ, ब्रेल लिपि और डिस्प्ले सिस्टम जैसे अनेक सहायक प्रावधान किए गए हैं ताकि दिव्यांग यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

मेट्रो में मनाइए बर्थडे और किटी पार्टी

सत्र के दौरान मेट्रो टीम ने यह अनोखी जानकारी भी दी कि अब यात्री मेट्रो में बर्थडे पार्टी, सालगिरह या किटी पार्टी जैसे निजी आयोजनों की बुकिंग भी कर सकते हैं। यह सेवा यात्रियों के अनुभव को और भी विशेष बना देती है।

बच्चों ने पूछे सवाल, मेट्रो टीम ने दिए जवाब

सत्र के अंत में बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने सवाल मेट्रो अधिकारियों के सामने रखे। सभी प्रश्नों का टीम ने सरल भाषा में उत्तर दिया। बच्चों ने मेट्रो की तकनीक, सुरक्षा उपाय और भविष्य की योजनाओं को लेकर विशेष रुचि दिखाई।

छात्र-छात्राओं ने की सराहना, मेट्रो के लिए उत्साह

सत्र के समापन पर बच्चों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन ने मेट्रो टीम के प्रयासों की सराहना की। सभी ने माना कि मेट्रो न केवल सफर का साधन है, बल्कि यह भविष्य की स्मार्ट और सतत यातायात प्रणाली का प्रतीक भी है।

SP_Singh AURGURU Editor