बाल दिवस पर ‘कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी’: सपनों की जादुई दुनिया में खोए सैकड़ों बच्चे
न्यू आगरा के न्यू कम्युनिटी पार्क में शनिवार को रोशनी चैरीटेबल ट्रस्ट ने बाल दिवस पर ‘कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी’ का रंगारंग आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य फिजूलखर्ची से दूर रहकर सेवा और संवेदना के साथ बच्चों को शिक्षा व संस्कृति के करीब लाना था। यह आयोजन बच्चों के लिए पिकनिक जैसा अवसर बनकर सामने आया।
आगरा। बाल दिवस के अवसर पर रोशनी चैरीटेबल ट्रस्ट द्वारा न्यू आगरा स्थित न्यू आगरा कम्युनिटी पार्क में 'कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी' का भव्य आयोजन किया गया। इस खास कार्यक्रम में कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए एक विशेष कार्निवाल सजाया गया, जिसने बच्चों को उनकी कल्पनाओं और खुशियों की दुनिया से रूबरू कराया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज बल ने बताया कि बाल दिवस को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर सेवा और संवेदना के भाव के साथ मनाना ट्रस्ट का उद्देश्य है। हमारे लिए हर बच्चा महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि इन्हें अवसर मिले, मंच मिले और आनंद के साथ वे अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
कार्यक्रम में चंद्रा बाल भारती स्कूल के लगभग 200 बच्चों ने हिस्सा लिया। इनके लिए निःशुल्क गेम स्टॉल, कठपुतली प्रदर्शन, टैलेंट शो, जादूगर शो और कई रोमांचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। बच्चों को चिप्स, मैगी, बिस्किट और फ्रूटी भी वितरित की गईं, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो उठा।
मेनेजिंग ट्रस्टी डॉ. सरोज प्रशांत ने बच्चों की भागीदारी और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि हम बच्चों को सिर्फ खेल नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आनंद का अवसर देते हैं। हमने देखा कि बच्चों ने कविता से लेकर चुटकुलों तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पार्क में बच्चों ने पिकनिक जैसा उत्सव महसूस किया। किसी बच्चे ने कविता सुनाकर तालियाँ बटोरीं, तो किसी ने 'चींटी और हाथी' का मजेदार चुटकुला सुनाकर सबको ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में शारदा गुप्ता, दिशा ज्ञानानी, सरिता दुबे, प्रियंका सिंह, रूचि गुप्ता, मनीष राय, अंकित खंडेलवाल सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
सरोज प्रशांत ने कार्यक्रम को सफल बनाने में शामिल सभी सदस्यों व स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।