आगरा में जल्द बढ़ेंगे सर्किल रेट, मंडलायुक्त ने दिए निर्देश: पंजीकरण की रफ्तार और वसूली बढ़ाना लक्ष्य
आगरा में स्टाम्प शुल्क और रजिस्ट्रेशन की वसूली की प्रगति पर असंतोष जताते हुए मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जल्द नए सर्किल रेट लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को नए सर्किल दरों के अनुरूप तेज करने पर ज़ोर दिया गया है।
-स्टाम्प और रजिस्ट्रेशन की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त सख्त
चार जिलों में 5% तक बढ़ेगा सर्किल रेट
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में लगभग 5 प्रतिशत तक सर्किल दरों में वृद्धि की जाएगी। संशोधित दरें जल्द ही जारी कर दी जाएंगी जिससे राजस्व वसूली में इज़ाफा हो सकेगा।
मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में सख्ती
लघु सभागार में आयोजित मंडल स्तरीय कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आरसी (रिवेन्यू कैलेक्शन) का दोबारा मिलान करें, ताकि मासिक लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जा सके।
आईजीआरएस रैंकिंग में सुधार न होने पर नाराज़गी
आगरा मंडल की आईजीआरएस रैंकिंग में कोई उल्लेखनीय सुधार न होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पंचायती राज, श्रम, सिंचाई, संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय जैसे विभागों ने विगत महीने चेतावनी के बाद भी फीडबैक सिस्टम में सुधार नहीं किया है।
शिकायत निस्तारण में गुणवत्ता और जवाबदेही पर ज़ोर
मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि संतोषजनक शिकायत निस्तारण के लिए अधिकारी स्वयं मौके पर जाएं, शिकायतकर्ता से बातचीत करें और नकारात्मक फीडबैक मिलने पर उचित प्रयास करें ताकि संतोषजनक निष्कर्ष निकल सके। उन्होंने यह भी कहा कि हर फीडबैक को लिखित रूप में दर्ज किया जाए।
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में अपर आयुक्त न्यायिक कंचन शरन, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त आगरा शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी मथुरा डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर नगरायुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी, आरटीओ अरुण कुमार, उप आबकारी आयुक्त विजय प्रताप सिंह, ज्वांइट कमिश्नर स्टेट टैक्स बीडी शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।