भीमनगरी की घोषणाएं पूरी न होने पर सीएम योगी नाराज, बुद्ध विहार पहुंचे अफसर-इंजीनियर
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर भीमनगरी मंच से की गई घोषणाओं पर महीनों गुजर जाने के बाद भी कोई अमल न होने से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाराजगी जताई है। जैसे ही सीएम योगी की नाराजगी की बात सामने आई, प्रशासन, एडीए और नगर निगम के अधिकारी आज चक्कीपाट स्थित बुद्ध विहार का विकास करने का खाका खींचने पहुंच गये। इस दौरान इंजीनियरों ने यहां बुद्ध विहार का सर्वे भी किया।
मुख्यमंत्री ने यह नाराज़गी तब जताई जब पिछले दिनों विधायक डॊ. जीएस धर्मेश के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला और बताया कि आगरा में बुद्ध विहार चक्कीपाट और डॉ. आंबेडकर शोध केंद्र के विकास कार्यों को लेकर अभी तक कोई काम नहीं हुआ है। सीएम की नाराजगी के बारे में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने आगरा के मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अवगत कराया।
भीमनगरी मंच से सीएम की घोषणाएं अब तक अधूरी
डॉ. आंबेडकर जयंती एवं भीमनगरी समारोह समिति के संरक्षक और आगरा छावनी से विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लिखित रूप में शिकायत की थी कि मुख्यमंत्री द्वारा आगरा में भीमनगरी के मंच से की गई बुद्ध विहार और चक्कीपाट का सौंदर्यीकरण और उच्चीकृत की घोषणा पर अभी काम शुरू नहीं हुआ है। सीएम ने यहां डॉ. आंबेडकर शोध केंद्र की स्थापना की घोषणा भी की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
डॉ. आंबेडकर ने स्वयं की भगवान बुद्ध की थी प्रतिमा की स्थापना
डॉ. धर्मेश ने एक पत्र में बुद्ध विहार चक्कीपाट का महत्व बताते हुए मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि यहां तथागत भगवान बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना खुद डॉ. आंबेडकर ने अपने हाथों से की थी। यहीं पर डॉ. आंबेडकर का अस्थि कलश भी स्थापित है। इस लिहाज से यह जगह केवल स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व की है और इसका राष्ट्रीय स्मारक के रूप में सौंदर्यीकरण कराना आवश्यक है। सीएम योगी से मुलाकात के समय विधायक डॉ. धर्मेश के साथ करतार सिंह भारतीय, धर्मेंद्र सोनी, श्याम जरारी और ऋषि कुमार सिंह भी मौजूद थे।
इंजीनियरों ने किया बुद्ध विहार का सर्वे
मुख्यमंत्री के अप्रसन्न होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और एडीए के अफसर सक्रिय हो गए। आज विधायक डॊ. धर्मेश के साथ एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडीए के मुख्य अभियंता आरपी सिंह, अधिशासी अभियंता आदर्श जैन, जेई राजकपूर, नगर निगम के अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह, जेई जीवन सिंह और ललित अग्रवाल सहित टीम बुद्ध विहार पहुंची। अधिकारियों ने पूरे प्रांगण का सर्वे कर जल्द कार्यवाही का भरोसा दिलाया। इस दौरान डॊ. आंबेडकर जयंती एवं भीमनगरी समारोह समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।