दिशा पाटनी के पिता को सीएम योगी का फोन, बोले- डरने की जरूरत नहीं, सुरक्षा की गारंटी हमारी
-आरके सिंह- बरेली। बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के पैतृक घर के बाहर गुरुवार रात हुई फायरिंग की घटना को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने दिशा पाटनी के पिता व रिटायर्ड डीएसपी जगदीश पाटनी से फोन पर बात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि पूरा उत्तर प्रदेश और सरकार आपके साथ है, किसी भी प्रकार डरने की आवश्यकता नहीं है।
फायरिंग से परिवार सहमा हुआ था
बरेली के सिविल लाइंस क्षेत्र के विला नंबर 40 स्थित पाटनी परिवार के आवास के बाहर गुरुवार देर रात गोलियों की आवाज गूंजी। फायरिंग के समय घर में दिशा पाटनी के पिता, मां और बहन मौजूद थीं। अचानक हुई इस घटना से परिवार दहशत में है और फिलहाल सुरक्षा घेरे में घर के भीतर कैद है।
सीएम योगी ने की फोन पर बात
जगदीश पाटनी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे तसल्ली से बातचीत की और कहा कि परिवार की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा और परिवार को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
पुलिस की पांच टीमें तलाश रहीं हमलावरों को
फायरिंग की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने पाटनी के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पांच टीमें बनाकर जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
एफआईआर दर्ज, हथियार लाइसेंस की तैयारी
घटना के बाद शुक्रवार को जगदीश पाटनी की ओर से थाना कोतवाली में धारा 109 और 351(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रशासनिक सूत्रों ने संकेत दिया है कि उनकी सुरक्षा को देखते हुए उन्हें शीघ्र शस्त्र लाइसेंस भी जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद जगदीश पाटनी ने कहा कि परिवार मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और सहदयता से गदगद है। उन्हें पूरा विश्वास है कि सरकार उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।