सांसद रवि किशन की घड़ी पर सीएम योगी ने ली चुटकी

 शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ स्वदेशी मेले का शुभारंभ करते हुए लोगों से स्वदेशी सामानों को खरीदने की अपील की। इस दौरान उन्होंने रवि किशन पर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा नहीं चलेगा कि बात स्वदेशी की करें और पहनें विदेशी घड़ी।

Oct 10, 2025 - 20:35
 0
सांसद रवि किशन की घड़ी पर सीएम योगी ने ली चुटकी

गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के चम्पा देवी पार्क में स्वदेशी मेले का शुभारंभ किया। मेले के शुभारंभ के दौरान योगी ने लोगों से इस दिवाली पर स्वदेशी खरीदने की अपील की। योगी ने सांसद रवि किशन पर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि रवि किशन स्वदेशी की बात करें और घड़ी विदेशी पहनें। योगी के रवि किशन की घड़ी को लेकर दिया गया बयान अब चर्चा में है। लोग रवि किशन की घड़ी के बारे में जानना चाहते हैं।

शुक्रवार से गोरखपुर में स्वदेशी मेला शुरू हो गया है। मेले में पहुंचे सांसद रवि किशन विदेशी घड़ी ऑडेमार्म पिगुएट पहने हुए थे। इस घड़ी को स्विट्जरलैंड की कंपनी बनाती है। सांसद रवि किशन जो घड़ी पहने थे, उसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये है। इस कंपनी की घड़ी की शुरुआत 24 लाख रुपये से होती है। योगी के बगल में बैठे रवि किशन अपनी घड़ी के बारे में योगी से चर्चा करते हुए दिखाई दिए। वो अपनी घड़ी दिखाकर योगी से कुछ कहते रहे।  

वहीं, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने भी रवि किशन पर चुटकी लेते हुए कहा कि आजकल इनका समय अच्छा चल रहा है। इनकी दुकान नाच रही है। सांसद रवि किशन ने कहा कि पिछली सरकारों ने हमें और भिखारी बना दिया। यही सोचते थे कि गरीब है, मरेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले का समय सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक है। मेले का आयोजन 'वोकल फॉर लोकल' की भावना को सशक्त करने, स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान करने की उद्देश्य से किया गया है। मेले में 125 स्टॉल गए हैं, जिनमें सभी स्वदेशी उत्पाद हैं।