सीएम योगी की हिदायत: बरसात के बाद गड्ढामुक्ति अभियान चलाएं, नदियों पर पुलों के प्रस्ताव मांगे
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मण्डल में विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि बरसात से खराब हुई सड़कों की तत्काल सर्वेक्षण शुरू करें और बरसात की समाप्ति के तुरंत बाद गड्ढामुक्ति अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाए।
-आगरा मण्डल में विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने हर विभाग के विकास कार्यों की ली जानकारी
बैठक में सीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्माण एजेंसी और कॉन्ट्रैक्टर से हर सड़क की गारंटी तय है। यदि तय समय में सड़क खराब होती है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
पर्यटन विभाग ने दिया प्रेजेंटेशन
बैठक के प्रारंभ में पर्यटन विभाग द्वारा दिए गये प्रजेंटेशन में बताया गया कि मण्डल में पर्यटन विकास हेतु 590 करोड़ रूपये की 160 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। जिसके लिए 379 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई है। 92 परियोजना पूर्ण हैं तथा 68 परियोजनाओं पर कार्य प्रगतिशील है। इस पर मुख्यमंत्री ने धर्मार्थ कार्य विभाग को मन्दिर में आने वाले दर्शनार्थियों व श्रद्धालुओं की संख्या के आधार पर सभी प्रमुख शहरी व ग्रामीण मन्दिरों के सम्पर्क मार्गों का निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसरों तक को निर्देश
मुख्यमंत्री ने आगरा मण्डल के सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे सड़कों, फ्लाईओवर, बाईपास, पुल, इंटर स्टेट कनेक्टिविटी, सीमा प्रवेश द्वार, मंदिर संपर्क मार्ग आदि से जुड़े नवीन प्रस्ताव तत्काल भेजें, जिससे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर क्रियान्वयन में लिया जा सके। लोक निर्माण विभाग को भी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सड़कों व राजमार्गों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर हटाने, और गुणवत्ता युक्त निर्माण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
छोटी-बड़ी नदियों पर पुल के लिए जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगे
सीएम योगी ने कहा कि आगरा मंडल में स्थित प्रमुख नदियों- चम्बल, यमुना, उटंगन और पार्वती समेत अन्य छोटी-बड़ी नदियों पर लघु व दीर्घ पुलों, पौंटून पुलों के निर्माण हेतु जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लेकर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाए। सीएम ने कहा कि इन छोटे-छोटे कामों से ग्रामीणों को बहुत राहत मिलेगी। इनके न होने से लोगों को कई किलोमीटर घूमकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।
शहरों में जलभराव मुक्ति के लिए ड्रेनेज सिस्टम पर विशेष ज़ोर
नगर विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ नालियां बनाकर जिम्मेदारी खत्म न करें। ड्रेनेज सिस्टम को अंतिम जलनिकासी तक कार्यात्मक बनाएं। उन्होंने सभी नगर निकायों को आदेशित किया कि वे व्यवस्थित और प्रभावी ड्रेनेज योजना तैयार करें, जिससे शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। सड़क निर्माण के साथ जल निकासी का प्लान भी साथ ही बनना चाहिए।
प्रमुख मंदिरों के लिए विशेष निर्देश: संपर्क मार्गों का हो निर्माण
पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की समीक्षा में सीएम योगी ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद प्रमुख मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों का तत्काल निर्माण कराया जाए। उन्होंने श्रद्धालुओं की संख्या को आधार मानकर प्राथमिकता सूची बनाने और मंदिरों से जोड़ने वाले सम्पर्क मार्गों के निर्माण को तीव्र गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख धर्मस्थलों के मार्गों को चौड़ा भी किया जाए ताकि लोगों को दिक्कत न हो।
छोटे कारखानों को बिजली कनेक्शन का मुद्दा भी उठा
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल आगरा में छोटे कारखानों को बिजली का कनेक्शन न मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि छोटे कारखानों को बिजली कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है, सुप्रीम कोर्ट की रोक का हवाला दिया जा रहा है। इसे सीएम योगी ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस विषय को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत कर स्थायी समाधान निकालें।
विधायक खंडेलवाल ने शहर की 11 ऐसी सड़कों की सूची भी सौंपी जिन्हें लोक निर्माण विभाग, नगर निगम व आगरा विकास प्राधिकरण) में से कोई भी स्वीकार नहीं करता। इस पर मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग को आदेश दिया कि जांच कर तय करें कि संबंधित सड़कें किस विभाग के अधीन आती हैं और तुरंत संज्ञान लें।
सीएम का भगवान कृष्ण की मूर्ति देकर किया गया स्वागत
बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री का स्वागत भगवान कृष्ण की मूर्ति भेंट कर किया गया। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को पुष्प देकर आगरा में निरंतर विकास के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक में मौजूद रहे ये प्रमुख चेहरे
बैठक में जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, लक्ष्मीनारायण चौधरी, बेबीरानी मौर्य, धर्मवीर प्रजापति, महापौर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायकगण पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रानी पक्षालिका सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, चौधरी बाबूलाल, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे तथा मथुरा, फिरोजाबाद व मैनपुरी जनपद के अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।