लेनदेन के विवाद में कोल्ड स्टोरेज बना रणक्षेत्र, खंदौली में दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग, दो घायल

आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार शाम हाथरस मार्ग पर ग्राम पीलीपोखर के समीप स्थित ग्रीन स्टार कोल्ड स्टोरेज उस समय दहशत का केंद्र बन गया, जब लेनदेन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और फिर कई राउंड फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

Dec 25, 2025 - 20:31
 0
लेनदेन के विवाद में कोल्ड स्टोरेज बना रणक्षेत्र, खंदौली में दो पक्षों में मारपीट के बाद  फायरिंग, दो घायल
इमेज फोटो

आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार शाम हाथरस मार्ग पर ग्राम पीलीपोखर के समीप स्थित ग्रीन स्टार कोल्ड स्टोरेज उस समय दहशत का केंद्र बन गया, जब लेनदेन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और फिर कई राउंड फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक कमला नगर निवासी मुकेश गुप्ता का पीलीपोखर क्षेत्र में ग्रीन स्टार नाम से कोल्ड स्टोरेज है। इसी परिसर में आलू की मशीन व थ्रेशर बनाने का काम चल रहा था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे सादाबाद निवासी करीब दो दर्जन युवक कई गाड़ियों में सवार होकर कोल्ड स्टोरेज पहुंचे। यहां मशीन निर्माण का काम कर रहे ठेकेदार जावेद और अनीश से पुराने लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। आरोप है कि मामला शांत कराने के बजाय स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद अचानक दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से कोल्ड स्टोरेज परिसर में काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

इस घटना में ठेकेदार जावेद और अनीश घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। देर  तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि घायल ठेकेदार पहले सादाबाद के किसी अन्य कारखाने में कार्यरत था और वहीं से काम छोड़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर विवाद चला आ रहा था। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। कोल्ड स्टोरेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों पर पुलिस का प्रभाव कमजोर पड़ता जा रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।