फेस ऒफ आगरा का रंगीला डांडिया रास: दयालबाग में झूमे महिलाएं-युवतियां

आगरा। हाथों में डांडिया लिए, अनारकली लहंगे और पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सज-धज कर महिलाएं और युवतियां शनिवार शाम दयालबाग स्थित हरिओम सेवा सदन में डांडिया रास का आनंद लेने पहुंचीं। फेस ऑफ आगरा संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस डांडिया नाइट में सहेलियों के संग झूमते हुए हर कोई घंटों तक नृत्य और संगीत की धुन में मग्न रहा। हरी घास पर फैलती दूधिया रोशनी में शाम का माहौल बेहद यादगार बन गया।

Oct 4, 2025 - 22:01
 0
फेस ऒफ आगरा का रंगीला डांडिया रास: दयालबाग में झूमे महिलाएं-युवतियां
दयालबाग क्षेत्र में हरिओम सेवा सदन में फेस ऒफ आगरा के डांडिया उत्सव की एक झलक।

कार्यक्रम की शुरुआत ढोल, नगाड़े और लोकप्रिय गीतों जैसे ‘आधा है चंद्रमा रात आधी रीमिक्स’, ‘दीवाने तो दीवाने हैं’, ‘ढोली तारो ढोल बाजे’ से हुई। जैसे-जैसे घड़ी की सुई आगे बढ़ती गई, डांडिया नाइट में उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा था। आयोजकों ने महिलाओं और युवतियों को बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांस, बेस्ट ड्रेस किड और बेस्ट कपल के खिताब से भी सम्मानित किया। इस अवसर पर हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने महिलाओं और बच्चों का ध्यान आकर्षित किया।

इस रंगीन आयोजन में कार्यक्रम संयोजक प्रिया बंसल, अवदेश त्यागी, मधुसूदन टंडन, विशाल बंसल, आशीष रायजादा, डॉ. ऋषभ गुप्ता, गगन मित्तल, रूबी शर्मा, मनोज यादव, हिमांशु चौहान और हिमांशु जैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। डांडिया नाइट का यह उत्सव आगरा में सांस्कृतिक परंपरा और आधुनिक उत्सवों का शानदार मिश्रण प्रस्तुत करता है।

SP_Singh AURGURU Editor