सांसद सुमन पर मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर, कई जगह पुतले फूंके

आगरा। राज्यसभा में चर्चा के दौरान राणा सांगा को गद्दार कहने और हिंदुओं को उनकी औलाद बताने संबंधी सपा सांसद रामजीलाल सुमन के बयान का तीखा विरोध हो रहा है। हिंदू महासभा ने सांसद सुमन के खिलाफ थाना हरीपर्वत में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। महासभा की महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने सुमन की जीभ काटकर लाने वाले को एक लाख रुपये देने की घोषणा की है।

Mar 23, 2025 - 22:03
 0
सांसद सुमन पर मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर, कई जगह पुतले फूंके
क्षत्रिय सदन पर सांसद रामजीलाल सुमन का पुतला फूंकते क्षत्रिय समाज के लोग। दूसरे चित्र में शहीद स्मारक पर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकरी को ज्ञापन देते क्षत्रिय समाज के लोग।

-हिंदू महासभा की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने कहा-जो सांसद की जीभ काटकर लाएगा, एक लाख का इनाम देंगी

-क्षत्रिय समाज ने शहीद स्मारक और क्षत्रिय सदन पर फूंके सुमन के पुतले, राज्यसभा सदस्य खत्म की जाए

सांसद सुमन के गृह नगर आगरा में ही क्षत्रिय समाज द्वारा जगह-जगह उनके पुतले भी फूंके जा रहे हैं। 

सांसद सुमन के बयान के खिलाफ अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर उनका पुतला फूंका। साथ ही थाना हरीपर्वत में सपा सांसद के खिलाफ तहरीर देकर 24 घंटे के अंदर मुक़दमा दर्ज करने की मांग की है। 

इधर हिंदू महासभा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने प्रदर्शन स्थल पर नोटों की गड्डियां लहराते हुए कहा कि जो भी सांसद सुमन की जीभ काटकर लाएगा, उसे एक लाख रुपये नगद दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने सांसद सुमन का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की।

शहीद स्मारक पर फूंका सुमन का पुतला

सांसद सुमन द्वारा योद्धा राणा सांगा पर की गई टिप्पणी को अमर्यादित और अभद्र बताते हुए संयुक्त राजपूत संघर्ष समिति के बैनर तले सभी राजपूत संगठनों ने शहीद स्मारक पर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सांसद सुमन का पुतला तैयार किया और जूतों की माला पहनाकर उसका दहन किया। इस दौरान सुमन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। 

इस अवसर पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि देश में राजनीतिक बयानबाजी आम है, लेकिन इतिहास में पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने राष्ट्र गौरव वीर राणा सांगा पर इतनी अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी की है। सुमन को इतिहास की जानकारी नहीं है। राणा सांगा ने तो विदेशी आक्रमणकारियों से रक्षा हेतु देश भर के राजपूत समाज को एकत्रित किया था। जंगे मैदान में उन्हें 80 घाव लगे। एक आंख, एक टांग और एक हाथ से आक्रममणकारियों से लोहा लिया था। वे महान योद्धा ही नहीं, कुशल शासक भी थे। 

वक्ताओं ने मांग की कि सपा के सांसद रामजीलाल सुमन पर मुकदमा दर्ज करने के साथ उनकी राज्यसभा सदस्यता समाप्त की जाए। 

विरोध प्रदर्शन और सभा में पंकज चौहान, अभिषेक चौहान, गजेंद्र परमार, जितेंद्र सिकरवार, महेश सिसौदिया, विक्रम सिंह जादौन, बंटी जादौन, देशराज सिकरवार, दिलीप चौहान, दिनेश सिकरवार, गौरीशंकर सिकरवार, विवेक तोमर, अनूप चौहान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। 

वाटर वर्क्स स्थित क्षत्रिय सदन पर भी क्षत्रिय समाज के लोगों ने भी सांसद रामजीलाल सुमन का पुतला फूंककर राणा सांगा पर उनकी टिप्पणी के लिए विरोध जताया। इस दौरान समाज के लोगों ने सांसद सुमन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। 

पुतला दहन करने वालों में दिनेश सिकरवार, पंकज चौहान, पार्षद शरद चौहान, डॊ. अनिल कुमार सिंह चौहान, गजेंद्र सिंह परमार, पीएन चौहान, आरपी सिंह जादौन समेत कई अन्य लोग शामिल थे।।