एसएन मेडिकल कॉलेज में कूल्हा प्रत्यारोपण की जटिल सर्जरी सफल, मरीज को मिला नया जीवन
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग के डॉक्टरों ने एक अत्यंत जटिल कूल्हा प्रत्यारोपण सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न कर एक 45 वर्षीय मरीज को फिर से सामान्य जीवन जीने में सक्षम बना दिया। मरीज पिछले डेढ़ वर्ष से चलने-फिरने में असमर्थ था और उसके एक पैर की लंबाई लगभग सात सेंटीमीटर कम हो गई थी।
-चार घंटे चले ऑपरेशन में चिकित्सकों ने की विशेषज्ञता की मिसाल, पैर की लंबाई भी हुई सामान्य
मरीज ने कई स्थानों पर इलाज कराया, लेकिन उसे संतोषजनक परिणाम नहीं मिला। अंततः 7 जुलाई को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अमृत गोयल को दिखाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर सर्जरी की योजना बनाई गई।
डॉ. गोयल एवं उनकी टीम ने चार से पांच घंटे चले ऑपरेशन में कूल्हे का प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक कर दिया। निश्चेतना विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व के मार्गदर्शन में डॉ. मंजरी और डॉ. दम्यन्त की भी ऑपरेशन में अहम भूमिका रही। ऑपरेशन के अगले ही दिन मरीज को चला दिया गया। अब मरीज पूरी तरह से दर्दमुक्त है और दोनों पैरों की लंबाई समान हो गई है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि कॉलेज में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ जटिल सर्जरी लगातार की जा रही हैं, जिससे आगरा सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बहुत राहत मिल रही है।