एसएन में जटिल राइनोप्लास्टी सफल, 22 वर्षीय युवती को ‘ड्रूपी टिप’ से मिली राहत
आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में 22 वर्षीय महिला की जटिल राइनोप्लास्टी सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। मरीज लंबे समय से ड्रूपी टिप डिफॉर्मिटी से पीड़ित थीं। डॉ. पुनीत भारद्वाज और उनकी टीम ने आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए सर्जरी को सफल बनाया। वर्तमान में मरीज पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
आगरा। शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एसएन मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने एक बार फिर अपनी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए जटिल राइनोप्लास्टी (Rhinoplasty) सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। 22 वर्षीय महिला मरीज, जो लंबे समय से Droopy Tip Deformity (नाक की झुकी/टेढ़ी टिप) की समस्या से पीड़ित थीं, अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
प्लास्टिक सर्जन डॉ. पुनीत भारद्वाज के नेतृत्व में डॉ. ऋषभ यादव, डॉ. मनु बंसल और डॉ. सुलभ गर्ग की टीम ने अत्याधुनिक सर्जिकल तकनीकों का उपयोग करते हुए इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलता पूर्वक पूरा किया। मरीज को लंबे समय से नाक की बनावट में विकृति के कारण शारीरिक असुविधा के साथ-साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा था। विस्तृत जांच और सटीक निदान के बाद विशेषज्ञों ने सर्जिकल सुधार का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान नाक की संरचना को संतुलित करते हुए सौंदर्य और कार्यात्मक दोनों पहलुओं को ध्यान में रखा गया।
टीम वर्क बना सफलता की कुंजी
डॉ. पुनीत भारद्वाज ने बताया कि इस प्रकार की सर्जरी में तकनीकी दक्षता के साथ धैर्य और टीमवर्क बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर सही उपचार और उन्नत तकनीक के तालमेल से मरीज को वर्षों पुरानी समस्या से राहत दिलाई जा सकी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मरीज की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और पोस्ट-ऑपरेटिव रिकवरी संतोषजनक रही।
कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एस.एन. मेडिकल कॉलेज आम जनमानस को उच्च स्तरीय एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की सफल सर्जरी न केवल जूनियर डॉक्टरों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि यह संस्थान के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करती है।
मरीजों के लिए आशा की किरण
यह सफलता दर्शाती है कि सरकारी मेडिकल संस्थानों में भी उच्च गुणवत्ता वाली विशेष सर्जरी उपलब्ध है। एसएनएमसी लगातार उन्नत चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दे रहा है।