अश्लील मैसेज भेजने वाला कंपोजिट विद्यालय का प्रधानाध्यापक निलंबित

आगरा। एत्मादपुर तहसील के एक कंपोजिट विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक बृज किशोर शर्मा को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। प्रधानाध्यापक पर विद्यालय के एक कर्मचारी की बेटी को अश्लील मैसेज भेजने, शराब पीकर विद्यालय आने, ड्यूटी के समय रिवाल्वर साथ रखने जैसे गंभीर आरोप हैं।

May 7, 2025 - 20:38
 0
अश्लील मैसेज भेजने वाला कंपोजिट विद्यालय का प्रधानाध्यापक निलंबित

प्रधानाध्यापक बृज किशोर शर्मा उस समय चर्चा में आया था जब उसने कर्मचारी की बेटी को अश्लील मैसेज भेजे और इसकी शिकायत थाना बरहन में की गई थी। बृज किशोर ने उस समय पीड़िता के परिवार से माफी मांग लिए जाने पर परिवार ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी। 

प्रधानाध्यापक की यह करतूत उजागर होने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति को मामले की जांच के निर्देश दिए थे। इस समिति में महेश कांत शर्मा, कल्पना कुमारी, चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट नरेस पारस और सपना सिंह को शामिल किया गया था। समिति ने सभी पक्षों से बात करने के बाद हाल ही में अपनी रिपोर्ट बीएसए को सौंपी थी। समिति ने प्रधानाध्यापक पर रिवाल्वर लगाकर स्कूल आने, स्कूल के पास ही शराब पीने के साथ ही स्कूल की शिक्षिकाओं को बदनाम करने जैसे आरोप सही पाये थे। लड़कियों के साथ अभद्रता के साथ ही विद्यालय की भोजन माताओं के उत्पीड़न का आरोप भी सही पाया था। 

समिति ने बृज किशोर शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की शिकायत की थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक बृज किशोर शर्मा के आचरण को घोर निंदनीय, अक्षम्य, असामाजिक और अनैतिक बताते हुए निलंबित कर दिया है।