आस्था और डिजिटल शक्ति का संगमः आगरा में अक्रूर महाराज की प्रतिमा अनावरण संग वार्ष्णेय समाज की वेबसाइट लॉन्च
आगरा। पश्चिमपुरी स्थित अक्रूर चौक पर आस्था, संस्कृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब श्री वार्ष्णेय सभा द्वारा अक्रूर जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित कर उनकी प्रतिमा का अनावरण एवं सभा की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन ने जहां क्षेत्र की धार्मिक पहचान को सशक्त किया, वहीं समाज को डिजिटल युग से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम भी साबित हुआ।
शास्त्रीपुरम रोड स्थित अक्रूर चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद नवीन जैन, विधायक महेश चंद्र वार्ष्णेय, पूर्व मंत्री रामबाबू हरित, डॉ. संजीव कुमार वार्ष्णेय, पार्षद प्रवीणा राजावत, अध्यक्ष दाऊ दयाल गुप्ता, मंत्री विनोद कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष सुरेंद्र वार्ष्णेय, कनिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण, मंत्री भानु प्रकाश एवं मीडिया प्रभारी केएम गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जैसे ही अक्रूर जी महाराज की प्रतिमा का अनावरण हुआ, पूरा वातावरण अक्रूर जी महाराज की जय के जयकारों से गूंज उठा और अक्रूर चौक एक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में जीवंत हो उठा।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपने संबोधन में कहा कि अक्रूर जी महाराज भगवान श्रीकृष्ण के परम भक्त थे और उनका जीवन भक्ति, समर्पण एवं सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
विधायक एवं पूर्व मंत्री महेश चंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि अक्रूर जी महाराज का सनातन परंपरा में विशेष स्थान है। उनकी प्रतिमा की स्थापना समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का माध्यम बनेगी।
सभा के अध्यक्ष दाऊ दयाल गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर श्री वार्ष्णेय सभा (रजि.) आगरा की आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च की गई है, जिसके माध्यम से समाज की गतिविधियों, कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण सूचनाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। यह डिजिटल पहल समाज को आधुनिक युग के साथ कदम से कदम मिलाने में सहायक सिद्ध होगी।
मीडिया प्रभारी केएम गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के पश्चात प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य संजय वार्ष्णेय, अनिल कुमार वार्ष्णेय, मदन मोहन, कालीचरण गुप्ता, मनोज कुमार, कुलदीप वार्ष्णेय, हेमंत, मुन्नालाल, स्वागत अध्यक्ष डॉ. अशोक वार्ष्णेय, कार्यक्रम संयोजक संजीव, बाबू, राजीव, मुनेंद्र कुमार वार्ष्णेय, सुनील वार्ष्णेय, पंकज वार्ष्णेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।