श्रद्धा, सम्मान और संकल्प का संगम, जाट एकता एसोसिएशन ने मनाया महाराजा सूरजमल बलिदान दिवस
आगरा। जाट एकता एसोसिएशन के तत्वावधान में आज आगरा स्थित संगठन कार्यालय पर अजेय महाराजा सूरजमल जी का बलिदान दिवस एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का स्मरण श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए की गई।
आगरा। जाट एकता एसोसिएशन के तत्वावधान में आज आगरा स्थित संगठन कार्यालय पर अजेय महाराजा सूरजमल जी का बलिदान दिवस एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का स्मरण श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ आध्यात्मिक चिंतक लाखन सिंह रावत (सेवानिवृत्त डीजीएम, बीएसएनएल) द्वारा गायत्री मंत्र की पावन ऋचा के साथ किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी के मस्तक पर चंदन का वंदन कर समारोह को आध्यात्मिक ऊर्जा और शुभता से सराबोर कर दिया।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चौधरी ने उपस्थित परिवारों को संकल्प दिलाया कि समाज अपने महापुरुषों की जन्म जयंती एवं निर्वाण दिवस पर भविष्य में भी ऐसे भव्य आयोजन और वैचारिक गोष्ठियों का निरंतर आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम के सभा अध्यक्ष कृपालु परिहार ने ओजस्वी उदघोष के साथ कहा कि अपने महापुरुषों को न भूलेंगे और न ही भूलने देंगे।
मुख्य अतिथि जाट समाज पत्रिका के संपादक एवं पत्रकार इतिहासकार राजेन्द्र फौजदार ने महाराजा सूरजमल एवं चौ. चरण सिंह से जुड़े कई अनसुने ऐतिहासिक दृष्टांत साझा कर श्रोताओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन लाखन सिंह रावत एवं भरत चाहर ने संयुक्त रूप से किया, वहीं वीरेन्द्र इंदोलिया ]एवं बहन दुर्गेश रावत के जोशीले जयकारों ने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया।
इस अवसर पर सामाजिक योगदान एवं उपलब्धियों के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। डॉ. अनिल चाहर को सर्वाधिक मरीज देखने के उल्लेखनीय रिकॉर्ड के लिए उनके संरक्षक श्री कुँज बिहारी एवं मंजू चाहर द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं कु. दिव्या आर्य को राष्ट्रीय स्तर की छात्र संसद डिबेट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर “जाट गौरव” उपाधि से सम्मानित किया गया।
सभा को हरेंद्र चाहर (चीफ मैनेजर, एसबीआई), एनके राना, राजबीर सिंह,अशोक चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया तथा उन्हें भी मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जाट समाज के अनेक लोगों एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से मधु चौधरी, कमलेश रावत, दुर्गेश रावत, मंजू चाहर, सतेन्द्र्री आर्य, कु. दिव्या आर्य, कु. प्रिया चाहर, विमलेश रानी, देव राना, एनके राना, राकेश वर्मा, प्रशांत चाहर, पवन पंवार, मनिंदर चाहर, प्रमोद सोलंकी, हरेंद्र सिंह, प्रमोद चौधरी, आनंद चौधरी, लाखन सिंह उंदेरा सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में लाखन सिंह मोर साहब, मनिंदर चाहर तथा कार्यक्रम संयोजक विपिन चौधरी (मैनेजर साहब) का विशेष योगदान रहा। समूचा आयोजन सामाजिक चेतना, इतिहास-बोध और एकता के संदेश के साथ यादगार बन गया।