सेवा, संवेदना और स्वास्थ्य का संगम: ठंड में जरूरतमंदों को कंबल, महिलाओं को स्वच्छता का संबल

आगरा। नववर्ष की शुरुआत आगरा में मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ हुई। एक ओर कड़ाके की सर्दी में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए कंबल वितरण किया गया, तो दूसरी ओर महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को सशक्त बनाने के लिए निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए। दोनों ही पहल समाज के कमजोर वर्गों के लिए संबल और सम्मान का प्रतीक बनीं।

Jan 4, 2026 - 21:33
 0
सेवा, संवेदना और स्वास्थ्य का संगम: ठंड में जरूरतमंदों को कंबल, महिलाओं को स्वच्छता का संबल
दयालबाग स्थित कान्वेंट स्कूल में जरूरतमंद महिलाओं को कंबल वितरित करतीं स्पर्श संस्था की अध्य़क्ष मधु बघेल।

कड़ाके की सर्दी में मानवता की मिसाल, जरूरतमंदों को बांटे कंबल

पीजे जन कल्याण फाउंडेशन द्वारा दयालबाग स्थित बीडी कान्वेंट स्कूल परिसर में कामगार महिलाओं और जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। मुख्य अतिथि स्पर्श संस्था की अध्यक्ष मधु बघेल ने पहला कंबल भेंट कर अभियान का शुभारंभ किया।
मधु बघेल ने कहा कि वंचित और असहाय वर्ग की सेवा ही नववर्ष की सच्ची शुरुआत है, क्योंकि भीषण सर्दी में एक कंबल किसी के लिए सुरक्षा और राहत दोनों होता है।

संस्थापक अध्यक्ष प्रशांत जोशी ने बताया कि वास्तविक जरूरतमंदों को पहले से टोकन देकर व्यवस्थित ढंग से कंबल वितरण किया गया। यह सेवा कार्य आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, महासचिव प्रांशु भाटी, सचिव अर्पिता शर्मा, अनीता पाठक, अंजलि रस्तौगी, प्रशांत दीक्षित, ऋषभ पराशर, अमित कुमार, होतम राजपूत, मनोज कुमार गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक कदम, अमृतम ने बांटे निःशुल्क सैनिटरी पैड

भाविप अमृतम शाखा की महिला पदाधिकारी कामकाजी महिलाओं और किशोरियों को सैनिटरी पैड वितरित करती हुईं।

भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा बाईपास सर्विस रोड, सुल्तानगंज की पुलिया स्थित मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में महिलाओं और किशोरियों के लिए निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने बताया कि कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रुचि सिंघल एवं डॉ. विजय सिंघल रहीं। महिला प्रभारी उपाध्यक्ष रेखा राज अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य ही सशक्त समाज की आधारशिला है। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचि सिंघल ने मासिक धर्म स्वच्छता को स्वाभाविक प्रक्रिया बताते हुए साफ-सफाई और सुरक्षित उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं को सैनिटरी पैड, स्वास्थ्य परामर्श और निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस अवसर पर अलका गुप्ता, प्रीति गोयल, ज्योति मित्तल, साक्षी जैन, नीलिमा मित्तल, रीता गोलस, डॉ. मीनल, डॉ. श्वेता, डॉ. संतोष आदि उपस्थित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor