कांग्रेस वंशवादी पार्टीः इसने राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालों की उपेक्षा की- स्वतंत्र देव सिंह

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उसे वंशवादी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भाजपा विरोध की राजनीति की और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों व बलिदानियों के योगदान को नजरअंदाज किया। उनका आरोप था कि कांग्रेस ने देशहित के बजाय एक ही परिवार के हित में काम किया है।

Dec 29, 2025 - 20:19
Dec 29, 2025 - 20:19
 0
कांग्रेस वंशवादी पार्टीः इसने राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालों की उपेक्षा की- स्वतंत्र देव सिंह
बरेली में अटल स्मृति समारोह को संबोधित करते प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह।

स्वतंत्र देव सिंह बरेली के अर्बन हार्ट ऑडिटोरियम में आयोजित अटल स्मृति समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने आए थे। बरेली में हाल के दिनों में हुई घटनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ सभी धर्मों और समुदायों के त्योहारों व हितों की चिंता करती है और बिना किसी भेदभाव के कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भेदभाव की राजनीति समाजवादी पार्टी और कांग्रेस करती रही हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन आधारित पार्टी है, जो अपने कार्यकर्ताओं के दम पर जमीनी स्तर तक मजबूत है और इसी कारण जनता का विश्वास लगातार जीत रही है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अटल जी का जन्म शताब्दी महोत्सव पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उनकी कविताओं, लेखन, संसद और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए गए भाषणों को लेकर देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अटल जी की नीतियों में दूरदृष्टि, नेतृत्व में सेवा भाव और निर्णयों में राजनीतिक कुशलता थी। लखनऊ से प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। अटल जी की पैतृक भूमि आगरा के बटेश्वर में है और उन्होंने उच्च शिक्षा कानपुर में प्राप्त की। संसद में उन्होंने सर्वाधिक बार उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उनका विराट व्यक्तित्व आज भी पूरे देश को प्रेरणा देता है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था। वे गरिमामय राजनीति, संयमित वाणी और राष्ट्र के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के प्रतीक थे। पोकरण परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक निर्णय ने भारत को आत्मविश्वास और सामर्थ्य का बोध कराया।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि अटल जी के जन्मदिवस को सुशासन दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। वे केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि श्रेष्ठ साहित्यकार भी थे, जिनकी कविताओं में राष्ट्रप्रेम और मानवता की गहरी झलक मिलती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि अटल जी ने पड़ोसी देशों से संवाद और शांति की पहल की। उनकी लाहौर बस यात्रा ऐतिहासिक थी। विरोधी दल भी उनकी वाणी, तर्क और शालीनता का सम्मान करते थे।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता गुलशन आनंद, श्रुति गंगवार, महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor