आगरा के कांग्रेसजनों ने 40वीं पुण्यतिथि पर लक्ष्मण टंडन का किया स्मरण, समाजसेवा का संकल्प
आगरा। युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और समाजसेवी स्वर्गीय लक्ष्मण टंडन की 40वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को कांग्रेसजनों ने उनका भावपूर्ण स्मरण किया। जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के तत्वावधान में विधवा आश्रम, छिली ईंट घटिया पर श्रद्धांजलि एवं फल वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता भारत भूषण एडवोकेट ने की, जबकि संचालन पीसी नरवार ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. लक्ष्मण टंडन के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद आश्रम की महिलाओं को फल वितरित किए गए।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व शहर अध्यक्ष आगरा राम टंडन ने कहा कि लक्ष्मण टंडन की जीवन शैली सदैव समाजसेवा की रही। गरीबों की मदद करना, जनता की समस्याओं को उठाना और हर वर्ग के लिए संघर्ष करना उनके जीवन का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर हम कांग्रेसजन संकल्प लेते हैं कि समाज सेवा और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया। 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंत में जिला कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष मुन्नालाल वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर राम टंडन, भारत भूषण एडवोकेट, नवीन चंद शर्मा, अनिल शर्मा, महावीर प्रसाद वर्मा, पीसी नरवार, सचिन चौधरी, अजहर वारसी, अपूर्व शर्मा, विजय कपूर, सचिन ऋषि, सत्येंद्र कैंम, त्रिलोक चंद्र शर्मा, विनय गौतम, भेष चंद्र बंसल, ताहिर हुसैन, महेंद्र सिंह तिलक सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।