आगरा में आरक्षी ही बना साइबर ठगी का शिकार, क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड के नाम पर ₹2.05 लाख उड़े

आगरा में एक आरक्षी साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड रिडीम कराने के बहाने दो दिनों में ₹2.05 लाख निकाल लिए। पीड़ित ने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और ट्रांस यमुना थाने में एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस जांच में जुटी है।

Jan 19, 2026 - 20:26
 0
आगरा में आरक्षी ही बना साइबर ठगी का शिकार, क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड के नाम पर ₹2.05 लाख उड़े
इमेज फोटो

एक्सिस बैंक का अधिकारी बनकर की कॉल, दो दिन में दो ट्रांजेक्शन
1930 पर शिकायत, ट्रांस यमुना थाने में एफआईआर दर्ज

आगरा। आगरा में साइबर ठगों का जाल इतना शातिर हो चुका है कि अब पुलिस महकमे से जुड़े लोग भी इनके निशाने पर आ रहे हैं। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र निवासी एक आरक्षी से ठगों ने क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड और वाउचर रिडीम कराने का झांसा देकर करीब 2.05 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताया

रिजर्व पुलिस लाइन, पुलिस कमिश्नरेट आगरा में आरक्षी पद पर तैनात ओम प्रकाश कुशवाहा, जो वर्तमान में शिवानी धाम कॉलोनी, फेस-1, कालिंदी विहार में रहते हैं, के मोबाइल पर 04 नवंबर 2025 को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए उनके क्रेडिट कार्ड पर जमा रिवॉर्ड प्वाइंट्स और वाउचर रिडीम कराने की बात कही।

बातों में उलझाकर निकाली रकम

ठगों ने विश्वास में लेकर आवश्यक विवरण हासिल किया और फिर 04 व 05 नवंबर 2025 को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकलवा ली। साइबर ठगों ने पहले ₹1,68,200 और दूसरी बार में ₹37,281 निकाल लिए। इस तरह कुल ₹2,05,481 की धोखाधड़ी कर ली गई।

1930 पर दी सूचना, साइबर सेल पहुंचा मामला

05 नवंबर को खाते से रकम कटने का पता चलने पर पीड़ित आरक्षी ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 06 नवंबर 2025 को साइबर सेल आगरा में भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई।

ट्रांस यमुना थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित ने थाना ट्रांस यमुना पुलिस को तहरीर देकर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है और कॉल डिटेल्स व बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।

चेतावनी-रिवॉर्ड कॉल से रहें सतर्क

यह मामला एक बार फिर चेतावनी देता है कि रिवॉर्ड, कैशबैक या वाउचर के नाम पर आने वाली कॉल्स से सावधान रहें। बैंक कभी भी फोन पर गोपनीय जानकारी नहीं मांगते।