संविधान केवल कानून की किताब नहीं, सामाजिक बदलाव और लोकतांत्रिक एकता का आधार: डीईआई में संविधान दिवस पर संवैधानिक मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, आर्थिक समावेशन और बंधुत्व की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। समाजशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और शोधार्थियों ने संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसकी सामाजिक प्रासंगिकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर संविधान विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें शालिनी वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के कुलसचिव प्रो. संजीव स्वामी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों ने भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तथा संविधान की उद्देशिका पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कुलसचिव प्रो. संजीव स्वामी ने अपने संबोधन में आर्थिक समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने और आजीविका के लिए आवश्यक कौशल एवं संसाधन विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
समाज विज्ञान संकाय प्रमुख एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता कुमार ने संविधान दिवस की गरिमा, संवैधानिक दर्शन तथा सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के महत्व पर विचार रखे।
समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के आयोजक प्रो. लजवंत सिंह ने संवैधानिक नैतिकता के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पक्षों को स्पष्ट किया। उन्होंने संविधान के मूल्यों को दैनिक व्यवहार में आत्मसात करने, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा समाज में बंधुत्व की भावना विकसित करने पर बल दिया।
डॉ. ईश्वर स्वरूप सहाय ने संविधान सभा की कार्यप्रणाली, संविधान निर्माण की प्रक्रिया और उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक दस्तावेज है, जो विविधताओं में एकता स्थापित करते हुए भारतीय लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखता है।
विभाग के शोधार्थी पुनीत ने संविधान के विभिन्न भागों एवं अनुच्छेदों की व्याख्या करते हुए सामाजिक और राजनीतिक विचारधाराओं के संदर्भ में भारतीय संविधान के समन्वयवादी स्वरूप को प्रस्तुत किया। शोधार्थी प्रियंका ने काव्य प्रस्तुति के माध्यम से संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान दिवस की गरिमा को भावपूर्ण ढंग से अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में संविधान विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें शालिनी वर्मा ने प्रथम, शिवानी ने द्वितीय और कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता समाजशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान विभाग में राजनीति विज्ञान विषय की शोधार्थी हैं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन एवं परिणामों की घोषणा डॉ. अंजु शर्मा ने की। विजेताओं को विभागाध्यक्ष प्रो. लजवंत सिंह, डॉ. अंजु शर्मा और डॉ. ईश्वर स्वरूप सहाय ने पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम में प्रबंधन विभागाध्यक्ष प्रो. के. शांति स्वरूप, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. कमल जीत संधू, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. सनिल कुमार तथा सह-समन्वयक डॉ. रजनीश कुमार मीना की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर डॉ. बीरपाल सिंह, डॉ. गोपाल कृष्ण परिहार, डॉ. अंजली सेठ, सुश्री मोनिका तिवारी सहित प्रबंधन, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र विभागों के शिक्षकगण, शोधार्थी, विद्यार्थी और एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री शुभांशी सोनकर ने किया तथा समापन डॉ. अंजु शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।