अटल जी स्मृति में हुए कार्यक्रम में आगरा कॉलेज गेस्ट हाउस निर्माण के लिए 11 लाख का सहयोग

आगरा। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण सामने आया। आगरा कॉलेज, आगरा में प्रस्तावित गेस्ट हाउस के निर्माण हेतु 11 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर अटल जी की स्मृतियों को सार्थक रूप दिया गया।

Dec 30, 2025 - 19:29
 0
अटल जी स्मृति में हुए कार्यक्रम में आगरा कॉलेज गेस्ट हाउस निर्माण के लिए 11 लाख का सहयोग
आगरा कॊलेज में प्रस्तावित गेस्ट हाउस के लिए मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को 11 लाख रुपये का चेक प्रदान करते अमित सिंह। साथ हैं कॊलेज प्रिंसिपल प्रो. सीके गौतम।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आवास के निकट आयोजित इस कार्यक्रम में सेंटर फॉर एंबीशन के निदेशक डॉ. अमित सिंह द्वारा 11,00,000 (ग्यारह लाख रुपये) का चेक आगरा कॉलेज के गेस्ट हाउस निर्माण के लिए प्रदान किया गया। यह चेक उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम की उपस्थिति में सौंपा गया।

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने उक्त चेक को औपचारिक रूप से आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम को हैंडओवर किया और कहा कि यह सहयोग शैक्षणिक संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर डॉ. अमित सिंह ने आश्वस्त किया कि गेस्ट हाउस के निर्माण में यदि भविष्य में अतिरिक्त व्यय की आवश्यकता होगी, तो वे समय-समय पर चेक के माध्यम से सहयोग करते रहेंगे।

प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि आगरा कॉलेज में लंबे समय से गेस्ट हाउस की आवश्यकता अनुभव की जा रही थी। गेस्ट हाउस के निर्माण से महाविद्यालय में आने वाले विशिष्ट अतिथियों, शिक्षाविदों एवं परीक्षाओं से संबंधित कार्यों के लिए आगंतुकों के ठहराव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।

SP_Singh AURGURU Editor