ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर से हटाने के दावे के बाद विवाद
महाकुम्भ नगर। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाई गईं फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। खुद को किन्नर अखाड़े का संस्थापक बताते हुए अजय दास ने ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर से हटाने का ऐलान किया है। अजय दास ने इसके साथ ही ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर की उपाधि देने वाली किन्नर अखाड़े की आचार्य लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी को भी अखाड़े से निष्कासित करने की घोषणा की है।
ममता कुलकर्णी को पिछले सप्ताह ही किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई थी। इसके साथ ही संत समाज में इसका विरोध भी शुरू हो गया था। आज अजय दास ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि किन्नर अखाड़े के संस्थापक की हैसियत से मैंने ममता कुलकर्णी को महामंडेलेश्वर पद से हटा दिया है। इसके साथ ही किन्नर अखाड़े की आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को अखाड़े से बाहर कर दिया गया है। अजय दास का कहना है कि ममता कुलकर्णी पर तमाम आरोप हैं और उन्हें महामंडलेश्वर बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है।
अजय दास की इस घोषणा की तत्काल प्रतिक्रिया हुई। किन्नर अखाड़े की आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि अजय दास तो खुद किन्नर अखाड़े में नहीं हैं। बहुत पहले उन्हें निकाला जा चुका है और वे कौन होते हैं मुझे अखाड़े से निकालने वाले।