सहकारिता कृषि ही किसानों को सशक्त बनाने का वास्तविक और टिकाऊ मॉडल

आगरा। सहकार भारती आगरा जनपद एवं महानगर इकाई द्वारा आयोजित सहकारिता सप्ताह में सहकारिता मॉडल की ताकत, कृषि सुधारों में इसकी भूमिका और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में इसके निर्णायक योगदान पर गहन विमर्श हुआ। विशेषज्ञों और पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि आने वाला भारत सहकारिता आधारित विकास की ओर बढ़ रहा है।

Nov 20, 2025 - 18:32
 0
सहकारिता कृषि ही किसानों को सशक्त बनाने का वास्तविक और टिकाऊ मॉडल
ताजगंज स्थित एक होटल में आयोजित सहकार भारती के सहकारिता सप्ताह के दौरान सहकारी बैंक आगरा के चेयरमैन प्रदीप भाटी का स्वागत करते बाबूलाल छोंकर।

ताजगंज के एक होटल में हुए कार्यक्रम का विषय था- सहकारिता, कृषि और आत्मनिर्भर भारत। प्रदेश सह महिला प्रमुख श्रीमती करुणा नागर ने कहा कि सहकारिता महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह और महिला मंडल कृषि–प्रसंस्करण व मूल्य–वर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कृषि वैज्ञानिक डॉ. सत्यदेव शर्मा ने कहा कि सहकारिता कृषि ही किसानों को सशक्त बनाने का वास्तविक और टिकाऊ मॉडल है। उन्होंने बताया कि सामूहिक संसाधन, संयुक्त विपणन और सामूहिक निर्णय किसानों को बाज़ार में मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आत्मनिर्भर भारत का आधार मजबूत सहकारिता ढांचा ही है।  डॉ. मनिका कपूर ने सहकारिता योजनाओं को गांव–गांव तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया।

प्रदेश मंत्री (बृज क्षेत्र) डॉ. रजनीश त्यागी ने कहा कि भारत के पास सहकारिता को व्यापक रूप से अपनाने का ऐतिहासिक अवसर है, क्योंकि सहकारिता में प्राथमिकता समाज का उत्थान है, सिर्फ लाभ कमाना नहीं। डॉ. हरेंद्र दुबे ने कहा कि स्थानीय संसाधन, स्थानीय उत्पादन और स्थानीय कौशल, इन तीनों के समन्वय से सहकारी कृषि को और मजबूत बनाया जा सकता है।

आगरा जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी ने सहकारिता कृषि से जुड़ी बैंक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकार भारती के माध्यम से आवेदन करने वाले भूमिहीन लोगों को भी हर संभव वित्तीय सहायता दी जाएगी।

महानगर अध्यक्ष प्रो. रतीश शर्मा ने अपने वियतनाम प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि हो ची मिन्ह सिटी में 25% एफएमसीजी उत्पादन सहकारिता मॉडल से होता है। उन्होंने कहा कि भारत में यदि इस मॉडल को अपनाया जाए तो आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य और तेजी से प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में सहकार भारती के जिलाध्यक्ष बाबूलाल छोंकर, महानगर उपाध्यक्ष आशीष गौतम, मंत्री जितेंद्र शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, अक्षय ऊर्जा प्रकोष्ठ प्रमुख अजय गर्ग, मीडिया प्रमुख विकास शर्मा, मंत्री अकरम खान सहित देवेंद्र सिंह, कोक सिंह सिसोदिया, पूजा शर्मा और बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन डॉ. डी.एस. तोमर ने किया। प्रो. रतीश शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor