कोरोना फिर से डराने लगा: यूपी में 10 नए केस, देशभर में बढ़ी सतर्कता

नई दिल्ली। एक बार फिर देश में कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। कई राज्यों से कोविड-19 के नए मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश में 10 नए मामलों के साथ कुल सक्रिय केसों की संख्या बढ़ती जा रही है। महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली समेत कई राज्यों ने अस्पतालों को अलर्ट मोड पर डाल दिया है।

May 28, 2025 - 13:54
 0
कोरोना फिर से डराने लगा: यूपी में 10 नए केस, देशभर में बढ़ी सतर्कता

उत्तर प्रदेश: नए मामलों ने बढ़ाई चिंता, अस्पतालों को किया गया अलर्ट

राज्य में कोविड के मामलों में अचानक तेजी से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। यूपी में अब तक कुल 25 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 10 नए मामले मंगलवार सुबह दर्ज किए गए। गाजियाबाद में हालात ज्यादा गंभीर हैं, जहां कुल 14 एक्टिव केस हैं। इनमें एक 4 महीने का शिशु भी शामिल है। 13 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा और फिरोजाबाद में भी पॉजिटिव केस सामने आए हैं। प्रदेश सरकार ने सभी जिलों को सतर्क रहने और कोविड प्रोटोकॉल को दोबारा लागू करने के निर्देश दिए हैं।

महाराष्ट्र: मुंबई में सबसे ज्यादा केस, 15 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार

महाराष्ट्र में भी संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। मंगलवार को राज्य में कुल 66 नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 31 सिर्फ मुंबई में मिले। इससे महाराष्ट्र में कुल एक्टिव केस की संख्या 325 हो गई है। मुंबई के जे. जे. हॉस्पिटल में 15 बेड वाला विशेष आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया गया है। अन्य सरकारी अस्पतालों को भी अलर्ट किया गया है।

राजस्थान: नवजात तक चपेट में, जोधपुर में नए केस

राजस्थान में भी कोरोना संक्रमण ने फिर से दस्तक दी है। राज्य में अब तक 7 नए केस दर्ज किए गए हैं। जोधपुर में एक नवजात सहित कई मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष निगरानी के आदेश दिए हैं, और टेस्टिंग की रफ्तार बढ़ा दी गई है।

देश में एक्टिव केस बढ़कर 1047

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 मई तक देश में 1010 एक्टिव केस थे, जो अब बढ़कर 1047 हो गए हैं। कोविड से अब तक 11 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। मंत्रालय ने राज्यों को निगरानी, टेस्टिंग और आइसोलेशन की तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। कई राज्यों ने गाइडलाइन दोबारा लागू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor