पिनाहट नगर पंचायत में सभासदों का धरना, ईओ और अध्यक्ष पर मनमानी के आरोप

  पिनाहट (आगरा)। नगर पंचायत पिनाहट में मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया जब कस्बे के सभासदों ने नगर पंचायत परिसर में धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि नगर में बिना किसी सलाह-मशवरे के मनमाने तरीके से कार्य कराए जा रहे हैं।

Jun 25, 2025 - 13:14
 0
पिनाहट नगर पंचायत में सभासदों का धरना, ईओ और अध्यक्ष पर मनमानी के आरोप
पिनाहट नगर पंचायत परिसर में धरना देते पिनाहट के सभासद और महिला सभासदों के प्रतिनिधि।  

सभासदों का आरोप था कि नगर के विकास कार्यों में न पारदर्शिता है, न प्रक्रिया। कई बार शिकायत के बावजूद कोई प्रस्ताव सभासदों से पूछे बिना पारित किया जा रहा है। नगर पंचायत कर्मचारियों पर भी मनमानी, भ्रष्टाचार और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के आरोप लगाए गए। सभासदों ने कहा कि कस्बे में 13 वार्ड हैं, लेकिन नगर पंचायत अध्य़क्ष केवल वार्ड नंबर एक में ही काम करा रहे हैं। किसी भी सभासद के वार्ड में नाली, खरंजा जैसे मूलभूत काम भी नहीं कराए जा रहे।

धरने की सूचना पर एसडीएम बाह हेमंत कुमार मौके पर पहुंचे और सभी सभासदों से वार्ता कर ज्ञापन लिया। एसडीएम द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद सभासद शांत हुए और धरना समाप्त किया गया।

सभासदों का यह विरोध अब नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशाषी अधिकारी के लिए एक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। धरना देने और एसडीएम को ज्ञापन देने वाले सभासदों में मंजू देवी, प्रशांत, उमा देवी, सुभाष, राजू, संजय गुप्ता व विक्रम सिंह समेत अन्य शामिल थे। महिला सभासदों की ओर से उनके प्रतिनिधि धरने में शामिल हुए। 

SP_Singh AURGURU Editor