महाराष्ट्र निकाय चुनाव की मतगणना जारी: मुंबई में भाजपा सहयोगी दलों के साथ निर्णायक बढ़त की ओर, पुणे, नासिक, नागपुर, ठाणे, संभाजीनगर में भी भाजपा सबसे आगे  

मुंबई। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के लिए हुए चुनाव की मतगणना जारी है और अब तक सामने आए रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने अधिकांश नगर निगमों में बढ़त बना ली है। देश के सबसे बड़े बजट वाले नगर निगम बृहन्मुंबई महानगर पालिका में भी भाजपा और उसके सहयोगी दल शुरुआत से ही निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उसके सहयोगी दलों का प्रदर्शन भी कई नगर निगमों में संतोषजनक माना जा रहा है और मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नहीं दिख रहा।

Jan 16, 2026 - 12:44
 0
महाराष्ट्र निकाय चुनाव की मतगणना जारी: मुंबई में भाजपा सहयोगी दलों के साथ निर्णायक बढ़त की ओर, पुणे, नासिक, नागपुर, ठाणे, संभाजीनगर में भी भाजपा सबसे आगे   

बृहन्मुंबई महानगर पालिका की कुल 227 सीटों में से अब तक 167 सीटों के रुझान सामने आए हैं। इनमें भाजपा और उसके सहयोगी दल 102 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि शिवसेना (उद्धव) और उसके सहयोगी 57 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। कांग्रेस फिलहाल तीन सीटों पर आगे है। शेष सीटों पर मतगणना जारी है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने मुंबई की सियासत में बड़ा संकेत दे दिया है।

नागपुर नगर निगम की 151 सीटों में से 120 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। यहां भाजपा 88 सीटों पर बढ़त के साथ स्पष्ट बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस 22 सीटों पर आगे चल रही है। शिवसेना (उद्धव) एक सीट पर जबकि सात सीटों पर अन्य प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। नागपुर में भी रुझान भाजपा के पक्ष में जाते दिखाई दे रहे हैं।

पुणे नगर निगम की 165 सीटों में से अब तक 65 सीटों के रुझान सामने आए हैं। इनमें भाजपा 55 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, कांग्रेस चार सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव) गठबंधन पांच सीटों पर बढ़त में है। पुणे में भाजपा का प्रदर्शन बेहद मजबूत माना जा रहा है।

संभाजी नगर नगर निगम की कुल 115 सीटों में से 67 सीटों के रुझान आए हैं। इनमें भाजपा 20 सीटों पर आगे है, शिवसेना (शिंदे) 18 सीटों पर, शिवसेना (उद्धव) 10सीटों पर और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यहां 12 सीटों पर अन्य प्रत्याशी आगे चल रहे हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय और रोचक बना हुआ है।

नासिक नगर निगम की 122 सीटों में से 36 सीटों के रुझान सामने आए हैं। इनमें भाजपा 12 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि एमवीए-एमएनएस नौ सीटों पर और शिवसेना-एनसीपी गठबंधन 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। नासिक में फिलहाल किसी एक दल को निर्णायक बढ़त नहीं मिल पाई है।

ठाणे नगर निगम की 131 सीटों में से 37 सीटों के रुझानों में भाजपा 24 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यहां एनसीपी चार सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिवसेना (उद्धव), एमएनएस और एनसीपी (शरद पवार) के प्रत्याशी पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

कुल मिलाकर महाराष्ट्र के शहरी निकाय चुनावों के शुरुआती रुझानों में भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, खासकर बड़े नगर निगमों में। वहीं शिवसेना (उद्धव), कांग्रेस और एनसीपी कई स्थानों पर मुकाबले को कड़ा बनाए हुए हैं। अंतिम नतीजों के लिए मतगणना पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन रुझानों ने राज्य की शहरी राजनीति की दिशा का संकेत दे दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor