देश को जल्द मिलेगा नया उप राष्ट्रपति, धनखड़ के इस्तीफे के चंद घंटों में चुनाव आयोग ने शुरू की प्रक्रिया
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उप राष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार कर लिये जाने के चंद घंटों बाद ही चुनाव आयोग ने उप राष्ट्रपति पद के चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। धनखड़ के इस्तीफे के बाद उप राष्ट्रपति का पद औपचारिक रूप से रिक्त हो गया है। माना जा रहा है देश को जल्द नया उप राष्ट्रपति मिलने जा रहा है।
एक दिन बाद ही चुनाव आयोग ने शुरू की चुनाव प्रक्रिया
आश्चर्यजनक रूप से धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार होने के महज एक दिन बाद ही चुनाव आयोग ने उप राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। आमतौर पर इस पद के चुनाव को लेकर कोई तय समयसीमा नहीं होती, लेकिन इस बार तेजी से कार्रवाई हो रही है।
गजट नोटिफिकेशन भी जारी, जल्द पूरा होगा चुनाव
चुनाव आयोग ने उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक प्रेस नोट कर जानकारी दी गई है। चुनाव आयोग के अनुसार गृह मंत्रालय से जानकारी मिली है कि उप राष्ट्रपति पद रिक्त हो गया है। इस सूचना पर चुनाव आयोग ने रिक्त पद के लिए नोटिफिकेशन जारी कर चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही आयोग की ओर से चुनाव की तारीख घोषित कर दी जाएगी।
बता दें कि उप राष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सांसद मिलकर करते हैं, इसलिए प्रक्रिया सरल और शीघ्र संपन्न होने की संभावना है।
पीएम मोदी का अगला दांव, नाम पर बढ़ी उत्सुकता
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से नए उप राष्ट्रपति को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कई नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी अपने चौंकाने वाले फैसलों के लिए प्रसिद्ध हैं, इसलिए अंतिम नाम घोषणा के बाद ही साफ हो पाएगा।
उप राष्ट्रपति चुनाव को लेकर देशभर में चर्चाएं तेज
देशभर में उप राष्ट्रपति के अगले चेहरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है। संसद के मानसून सत्र के दौरान यह चुनाव एक बड़ा घटनाक्रम बनकर उभर सकता है।