कोहरे की आड़ में गौकशी, बरेली पुलिस की गोली से टूटा नेटवर्क, एनकाउंटर में दो को लगी गोली
-आरके सिंह- बरेली। भीषण ठंड और घने कोहरे के बीच बुधवार–गुरुवार की रात बरेली में पुलिस ने गौकशी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को मुठभेड़ में दबोच लिया। थाना बारादरी पुलिस ने घुमंतु गौवंशीय पशुओं की तलाश कर वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि थाना बारादरी पुलिस ने गौकशी में संलिप्त दो अभियुक्तों को अवैध असलहों और उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है। मुठभेड़, बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में थाना बारादरी पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय के अनुसार 17/18 दिसंबर 2025 की रात सूचना मिली कि फाइव एन्क्लेव के पीछे खेतों व जंगल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं, जो घुमंतु गौवंशीय पशुओं की तलाश कर गौकशी की वारदात करते हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। खुद को घिरता देख अभियुक्तों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त घायल हो गए।
घायल अभियुक्तों को तत्काल जिला अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। मुठभेड़ और बरामदगी के आधार पर थाना बारादरी में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त हैं रिजवान उर्फ पिन्ना निवासी सूफी टोला, थाना बारादरी, बरेली, जुनैद निवासी कटी कुईया, अबु बकर मस्जिद के पास, थाना बारादरी, बरेली। दोनों के खिलाफ धारा 109 बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
रिजवान से 01 तमंचा 12 बोर, 01 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस जुनैद से 01 तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस के अलावा मीट काटने का बड़ा लकड़ी का गुटका, तीन चाकू, तीन रस्सियां, एक टॉर्च, चार प्लास्टिक की बोरियां और दो तिरपाल बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान स्थानों पर घुमंतु गौवंशीय पशुओं की तलाश करते थे और मौका मिलते ही उन्हें काटकर मांस को गुप्त रूप से बेच देते थे।