मेट्रो की खुदाई से मदिया कटरा के कई मकानों में आई दरारें

आगरा। मेट्रो के लिए हो रही अंडरग्राउंड खुदाई के कारण मोती कटरा क्षेत्र के तमाम मकानों में दरारों का मामला अभी गर्माया ही हुआ था कि अब मदिया कटरा क्षेत्र के कई मकानों में दरारें आने की खबर है। तीन पार्षदों ने इस बारे में नगर आयुक्त को एक पत्र लिखकर जानकारी दी है। 

Dec 30, 2024 - 17:22
 0
मेट्रो की खुदाई से मदिया कटरा के कई मकानों में आई दरारें
 मदिया कटरा के मकानों में आई दरारें, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि ये मेट्रो के लिए हो रही खुदाई की वजह से आई हैं।  मकानों को देखने पहुंचे पार्षद शरद चौहान एवं अन्य।

वार्ड 95 के पार्षद शरद चौहान, वार्ड 81 के पार्षद अमित सिंह पटेल और वार्ड 79 के पार्षद विक्रांत सिंह द्वारा नगर आयुक्त को लिखे गए पत्र के अनुसार राजा की मंडी रेलवे स्टेशन से आरबीएस कॊलेज तक चल रही मेट्रो की खुदाई के कारण मदिया कटरा के कई मकानों में दरारें आ गई हैं। मकानों के फर्श बैठ गए हैं और छतों के पत्थर गर्डरों से अलग हो गए हैं। 

मदिया कटरा निवासी सुधा के मकान में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। इनके मकान की दीवारों और छतों पर चौड़ी दरारें आ चुकी हैं। छत के पत्थर गर्डरों से हट गए हैं। घर की नींव और फर्श के बीच भी दरारें आ चुकी हैं। मकान मालकिन सुधा ने आरबीएस मेट्रो स्टेशन पहुंचकर वहां मौजूद अधिकारियों को इस बारे में अवगत भी कराया, लेकिन अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है।

पार्षदों के अनुसार सुधा के पड़ोसी संजय यादव के मकान में भी दरारें आ गई हैं। पास में ही स्थित राजेंद्र शर्मा के मकान में भी दरारें आ चुकी हैं। इनके द्वारा शिकायत करने पर मेट्रो अधिकारियों ने मरम्मत के नाम पर टीपटाप करा दी है। इसके अलावा ज्ञान प्रकाश शर्मा के मकान में कमरे के टाइल्स उखड़ गए हैं। इन मकानों के सामने स्थित नर्मदेश्वर मंदिर के टाइल्स भी उखड़ चुके हैं।

पार्षदों ने बताया कि मदिया कटरा से आरबीएस कॊलेज की ओर जाने वाली सड़क पर पिछले दिनों चौड़ी दरार आ गई थी, जिसकी मरम्मत नगर निगम ने करा दी थी। पत्र में पार्षदों ने सभी क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor