प्रिल्यूड स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस पर क्रिकेट मैच, छात्रों ने शिक्षकों को हराया

आगरा। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस दौरान छात्रों और शिक्षकों के बीच रोचक क्रिकेट मैच भी हुआ, जिसमें छात्रों की टीम विजेता रही।

Aug 29, 2025 - 17:56
 0
प्रिल्यूड स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस पर क्रिकेट मैच, छात्रों ने शिक्षकों को हराया
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में विजेता टीम को ट्राफी प्रदान करते स्कूल के निदेशक डॊ. सुशील गुप्ता। साथ हैं प्रिंसिपल एवं अन्य।

इस अवसर की शुरुआत निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव एवं शैक्षणिक प्रमुख डॉ. रश्मि गांधी ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की। तत्पश्चात छात्रा गीत अग्रवाल और कुमार सुहावन ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र बनाम शिक्षक क्रिकेट मैच रहा, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबले में छात्रों की टीम विजेता रही। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की गई तथा आरुष बघेल को 'मैन ऑफ द मैच' घोषित किया गया।

इसके साथ ही कक्षा 6 से 8 के लिए बैगलैस डे का आयोजन किया गया, जिसमें मिनी ओलंपिक के अंतर्गत रेस, रस्साकसी और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं हुईं। साथ ही छात्रों की रचनात्मकता को निखारने के लिए टाई एंड डाई वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षिका स्वाति तनेजा और मनिका मत्ता ने बच्चों को नई कलात्मक विधि सिखाई।

निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट पिच का निर्माण किया गया है। यहां उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, आगरा द्वारा इंटर जोनल गर्ल्स अंडर-19 क्रिकेट टीम का चयन किया जाएगा।

कार्यक्रम की सफलता में एन.एस. कुशवाहा, अभि सिरोही, काजल वासुदेवा, ऋषभ गौतम, सुनीत कौर और कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor